UP: टिकरा ग्राम प्रधान की बेटी की शादी में गाना चला और चल गई गोली, नर्तकी की हालत गंभीर

UP: टिकरा ग्राम प्रधान की बेटी की शादी में गाना चला और चल गई गोली, नर्तकी की हालत गंभीर

चित्रकूट। नर्तकी ‘ओय गोरिये.. गोली चल जाएगी’ गाना गाए और गोली न चले, ऐसा हो ही नहीं सकता। जी हां, शनिवार रात मऊ थाना के टिकरा ग्राम प्रधान की बेटी की शादी में नर्तकी यही गाना गा रही थी। तभी एक सिरफिरा युवक स्टेज पर चढ़ा और तमंचे से एक नहीं, तीन गोलियां दागी, जिससे नर्तकी का दाहिना जबड़ा उड़ गया है।

मामला चित्रकूट जिले के मऊ थाना क्षेत्र के टिकरा गांव का है। यहां शनिवार रात ग्राम प्रधान की बेटी सपना की शादी थी। वरपक्ष ने बरातियों और घरातियों के मनोरंजन के लिए हमीरपुर जिले के भरुआ कस्बे से कुछ नर्तकियां बुलवाई थी।

कथित तौर पर रात करीब 12 बजे नर्तकी हिना(22) स्टेज पर आई और जैसे ही उसने ‘ओय गोरिये.. गोली चल जाएगी’ गीत पर नृत्य शुरू किया, कौशांबी जिले का रहने वाला एक युवक तमंचा लहराता हुआ स्टेज पर चढ़ गया। उसे दूल्हे अशोक के रिश्तेदार मिथिलेश और कमलेश ने स्टेज से नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन उसने तमंचे से उनपर तीन फायर झोंक दिए।

मिथलेश और कमलेश को तो मामूली छर्रे लगे, किंतु एक गोली नर्तकी हिना का दाहिना जबड़ा चीरते हुए निकल गई, और वह स्टेज पर ही गिर गई। डांस ग्रुप के उसके साथी पहले उसे इलाहाबाद ले गए, लेकिन अब हिना का इलाज लखनऊ में चल रहा है और हालत गंभीर है।

अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी ने बताया कि हिना का इलाज लखनऊ में चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। युवक ने नशे की हालत में फायर किया है, उसकी पहचान हो चुकी है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस दल को कौशांबी रवाना किया गया है। वहीं, मऊ थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र चौरसिया ने बताया कि रविवार को दूल्हे के चाचा रामप्रताप की तहरीर पर युवक के खिलाफ हत्या की कोशिश (धारा 307) का मुकदमा दर्ज किया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *