184-जगदीशपुर (आंशिक) विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में 06 मई को मतदान सकुशल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष ढंग से करायें जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट-डीईओ।

[object Promise]

रिपोर्ट:सैय्यद मकसूदुल हसन

सुलतानपुर।। 37-अमेठी (आंशिक) संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अन्तर्गत जनपद में अवस्थित 184-जगदीशपुर (आंशिक) विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के 72 मतदेय स्थल पर मतदान 06 मई को प्रातः 07 बजे से प्रारम्भ कराये जाने के लिये सभी पोलिंग पार्टियां 05 मई को सायं तक अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंच जायें, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की है। सभी जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में 05 मई को रात्रि में ठहरेंगे और दूसरे दिन प्रातः 06 बजे मॉक पोल कराना सुनिश्चित करायेंगे। मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम/वीवी पैट व स्टेशनरी आदि सुरक्षित रूप से अमेठी के निर्धारित स्थल पर अनिवार्य रूप से जमा करायेंगे।
यह निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दिव्य प्रकाश गिरि ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 184-जगदीशपुर (आंशिक) विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के 72 मतदेय स्थलों के मतदान की तैयारी के सम्बन्ध में पुलिस अधिकारियों एवं समस्त जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट की एक संयुक्त बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिये। उन्होंने समस्त जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा किये गये मतदेय स्थलों के द्वितीय भ्रमण का गहन फीडबैक लेने के पश्चात निर्देशित किया कि सभी पोलिंग पार्टी/वाहन रूटचार्ट के अनुसार मतदेय स्थलों पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग पार्टियां मण्डी समिति सुलतानपुर से 05 मई को प्रस्थान करेंगी। इसलिये सभी सेक्टर/जोनल मजिस्ट्रेट मण्डी समिति उस दिन प्रातः काल पहुंचे और अपने-अपने क्षेत्रों की पोलिंग पार्टियों को समय से निर्धारित वाहन से ईवीएम व वीवी पैट तथा थैला आदि के साथ प्रस्थान करायें। मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम/वीवी पैट व स्टेशनरी आदि सुरक्षित रूप से अमेठी के निर्धारित स्थल पर अनिवार्य रूप से जमा करायेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गिरि ने सभी जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि पोलिंग पार्टियों के मतदेय स्थल पहुंचने की सूचना जिला निर्वाचन कार्यालय व कन्ट्रोल रूम को अवगत करायें तथा आयोग के निर्देशानुसार मतदान अधिकारियों को दी जा रही धनराशि उपलब्ध करायेंगे। उन्होंने निर्देशित किया कि 05 मई को रात्रि विश्राम अपने-अपने क्षेत्रों में करेंगे और दूसरे दिन प्रातः 06 बजे मतदान केन्द्रों पर मॉक पोल कराने के पश्चात प्रातः 07 बजे से मतदान कार्य शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, निर्विघ्न, पारदर्शी एवं सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु पूरी संवेदन शीलता के साथ अपने कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सभी जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट 06 मई को अपने-अपने क्षेत्रों में निरन्तर भ्रमणशील रहेंगे और मतदान का प्रतिशत प्रत्येक केन्द्रों का आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन कार्यालय/कन्ट्रोल रूम को अवगत करायेंगे।उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपेन क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये निरन्तर भ्रमणशील रहेंगे और अराजक तत्वों आदि पर पैनी नजर रखते हुए शत-प्रतिशत मतदान के लिये मतदाताओं को प्रेरित भी करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भी माहौल बनाया जाये कि मतदाता निर्भीक होकर अपने घर से बाहर निकल कर मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने 184-जगदीशपुर (आंशिक) विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के अन्तर्गत 72 मतदेय स्थलों पर छाया शेड एवं पानी, शौंचालय, बिजली तथा सायं को प्रकाश की व्यवस्था कराये जाने का निर्देश सम्बन्धित को दिये।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शिवराज ने बैठक के दौरान बताया कि 72 मतदेय स्थलों पर 06 मई को मतदान के दौरान पर्याप्त सुरक्षा बल लगाये गये हैं तथा निरन्तर पुलिस अधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी भ्रमणशील रहकर शांतिपूर्ण मतदान कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि बाहर की फोर्स भी पूरे दिन पेट्रोलिंग करते हुए असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखेगी, यदि कहीं कोई गड़बड़ी करने का प्रयास किया, तो उनको बक्शा नही जायेगा। उन्होंने कहा कि क्रिटिकल/वल्नरेबुल क्षेत्रों पर विशेष ध्यान रखा जाये, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मतदान केन्द्र पर वोट दे सके। उन्होंने एसओ हलियापुर व बल्दीराय को निर्देशित किया कि यह सुनिश्चित कर लें कि बाहरी व्यक्ति मतदान से पूर्व बाहर चले जायें अन्यथा उनके विरूद्ध कठोर कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
इस बैठक में अपर जिलाधिकारी(प्रशा0)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी हर्ष देव पाण्डेय, एसडीएम सदर रामजी लाल, एसडीमए बल्दीराय प्रिया सिंह, अपर उप जिलाधिकारी सदर विधेश, पुलिस क्षेत्राधिकारी बल्दीराय सहित समस्त सेक्टर/जोनल मजिस्ट्रेट, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश पटेल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *