हाई-प्रोफाइल ड्रामा: SDM ने ‘live-in relation’ में रही युवती से आधी रात को मंदिर खुलवा कर रचायी शादी, गवाह बने प्रशासनिक अधिकारी

[object Promise]

कुशीनगर । कुशीनगर में करीब चार साल से लिव इन में रह रहे एक प्रशासनिक अधिकारी के लिए शुक्रवार आधी रात को पडरौना शहर का गायत्री मंदिर खुलवाया गया। इसके बाद दो एसडीएम की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारी और उनके साथ लिव इन में रह रही युवती ने शादी की।

यह वही महिला मित्र है जिसने उन पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी डाॅ.अनिल कुमार सिंह से शिकायत की थी। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। दिन भर गुपचुप चली प्रशासनिक कवायद के बाद आधी रात को एसडीएम शादी के लिए तैयार हुए।

गांव बरईपुर थाना अहिरौला जिला आजमगढ़ निवासी 35 वर्षीय रेनू ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंच डीएम को शिकायती पत्र देकर एसडीएम दिनेश कुमार पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया।

दिनेश कुमार आजमगढ़ जिले के गांव बुढ़नपुर के निवासी हैं। जबकि रेनू उनके बगल की गांव की रहने वाली है। चार साल पूर्व बीएड की पढ़ाई के दौरान रेनू को प्रयोगात्मक परीक्षा हेतु मुरादाबाद जाना था। घर के लोगों ने क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारी पद पर कार्यरत दिनेश कुमार से मदद मांगी तो वे परिजनों से उसे फैजाबाद तक बस से भिजवाने को कहे।

बकौल रेनू फैजाबाद पहुंचने पर दिनेश कुमार उसे खुद लेने आए और अपने किराए के मकान में ले गए। वहां वे अकेले रहते थे। रात को उन्होंने दूध पीने को दिया। इसके बाद मैं अचेत होने लगी। इसी बीच उन्होंने ने मेरे साथ दुष्कर्म किया। शिकायत पर उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे उससे शादी करेंगे।

युवती ने बताया तब से मैं उनके लगातार संपर्क में थी। खड्डा एसडीएम रहते उन्होंने मुझे अपने साथ भी रखा था। इस दौरान एक दिन शादी के लिए कही तो मारपीट कर उन्होंने खदेड़ दिया। बताया कि बीते चार साल से एसडीएम उसका यौन शोषण कर रहे हैं। दो बार उन्होंने गर्भपात भी कराया। शादी के लिए दबाव बनाने पर मार-पीट भी करते थे। इतना सुनते ही डीएम समेत मौजूद अधिकारी-कर्मचारी हैरान रह गए।

डीएम ने इसकी जांच एडीएम विंध्यवासिनी राय को सौंप तत्काल समाधान का निर्देश दिया। दिन भर चले हाई-प्रोफाइल इस ड्रामे का अंत तब हुआ जब महिला मित्र के आरोपों का एसडीएम दिनेश कुमार कोई उचित जवाब नहीं दे सके।

अंततः रात के आठ बजे रजिस्ट्री दफ्तर खुलवाकर शादी कराई गई। रात 12 बजे पडरौना नगर स्थित गायत्री मंदिर का पट खुलवाया गया। पंडित सुरेश मिश्र ने दिनेश कुमार व रेनू की शादी कराई। एसडीएम पडरौना रामकेश यादव व एसडीएम हाटा प्रमोद कुमार तिवारी इस शादी के गवाह बने।

प्राप्त खबरों के अनुसार दिनेश कुमार शादीशुदा थे। उनके जीवन में किसी दूसरी महिला के आने की जानकारी उनकी पत्नी को भी हो गई थी। जिसे लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। बात इस कदर बिगड़ गई कि दो साल पूर्व दोनों में तलाक हो गया। खड्डा के एसडीएम रहे दिनेश कुमार का करीब महीने भर पहले हापुड़ जिले में स्थानांतरण हो गया था।

शुक्रवार को वे जिला मुख्यालय आए थे। कुशीनगर से रिलीव होकर उन्होंने अपने नवीन कार्यस्थल पर कार्यभार भी ग्रहण कर लिया। शुक्रवार को वे खड्डा स्थित सरकारी आवास से सामान लेने आए थे। इसकी भनक मिलते ही रेनू कुशीनगर पहुंच गई और डीएम से उनकी शिकायत कर दी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *