हरियाणा विधानसभा चुनाव का ऐलान होते ही पहला ऑपिनियन पोल भी आ चुका है। इसके मुताबिक, बीजेपी पिछली बार से बहुत ज्यादा सीटों के साथ राज्य की सत्ता में वापसी करने जा रही है। एबीपी न्यूज़/सी-वोटर के सर्वे के मुताबिक, बीजेपी को हरियाणा की कुल 90 में से 78 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस के खाते में 8 सीटें, जननायक जनता पार्टी (जेजेपी)के खाते में 1 सीट और अन्य के खाते में 3 सीटें जा सकती हैं।
हरियाणा में 2014 के विधानसभा चुनाव में राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से बीजेपी को 47 सीटें मिली थीं। कांग्रेस के खाते में 15 सीटें और आईएनएलडी के खाते में 19 सीटें जबकि हरियाणा जनहित कांग्रेस के खाते में 2 सीटें आई थीं। वहीं, बीएसपी और अकाली दल को 1-1 सीटों पर जीत मिली थी। 5 विधानसभा सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे।
किसे कितने प्रतिशत मिल सकते हैं वोट
एबीपी न्यूज़/सी वोटर के ऑपिनियन पोल के मुताबिक, वोट शेयर के मामले में भी बीजेपी बहुत आगे निकलती दिख रही है। अनुमान है कि 21 अक्टूबर को होने वाले मतदान में बीजेपी को 48 फीसदी वोट मिल सकते हैं। वहीं कांग्रेस वोट शेयर के मामले में बहुत पिछड़ती दिख रही है। ऑपिनियन पोल के मुताबिक, कांग्रेस को बीजेपी के मुकाबले आधे से भी कम 22 फीसदी, जेजेपी को 8 फीसदी, आईएनएलडी को 3 फीसदी और अन्य पार्टियों को 21 फीसदी वोट मिल सकते हैं।
इस बार क्या हैं लोगों के मुद्दे?
ऑपिनियन पोल के मुताबिक, हरियाणा में रोजगार की कमी सबसे बड़ी समस्या है। दिलचस्प है कि पानी को लोगों ने दूसरी बड़ी समस्या माना है। 27.6 फीसदी लोगों ने रोजगार और 14.1 फीसदी लोगों ने पानी की समस्या को चुनावी मुद्दा बताया है। महंगाई को 4.9 फीसदी लोग और बिजली को 4.5 फीसदी लोग चुनावी मुद्दा मानते हैं। 3.6 पीसदी लोगों ने भ्रष्टाचार को प्रमुख चुनावी मुद्दा बताया है।
मुख्यमंत्री के तौर पर कौन है पहली पसंद?
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के खिलाफ जारी विपक्ष के हमलों के बीच एबीपी न्यूज़/सी वोटर के सर्वे में उन्हें मुख्यमंत्री पद की पहली पसंद बताया गया है। 48 फीसदी मतों के साथ मनोहर लाल खट्टर हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की पहली पसंद हैं। 13 फीसदी लोग कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा को मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं। हाल ही में अपनी पार्टी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के साथ सामने दुष्यंत चौटाला 11 फीसदी मतों के साथ मुख्यमंत्री के तौर पर तीसरी पसंद हैं।
चुनाव आयोग ने शनिवार को हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। राज्य में 21 अक्टूबर को एक ही चरण में सभी 90 सीटों पर मतदान होगा, जबकि 24 अक्टूबर को वोटों की गिनती की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने चुनावी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा में 27 सितंबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। 4 अक्टूबर तक नामांकन किया जा सकता है और 7 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं।
Leave a Reply