[object Promise]
पडरौना,कुशीनगर। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है। जनपद की सीमा से लगने वाले क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है। खासकर छितौनी-बगहा रेल पुल, पनियहवा और खड्डा, पडरौना स्टेशन का सुरक्षा बलों ने जायजा लिया। छितौनी-बगहा रेल पुल को पूर्व में माओवादियों की तरफ से नुकसान पहुंचाने की दी गई धमकी के बाद से ही सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जाती रही है। एनएच-727 से होकर बिहार व नेपाल तक आवागमन होता रहता है। इस रूट से नेपाल, बिहार,यूपी व देश की राजधानी दिल्ली को ट्रेनें आती-जाती हैं। आरपीएफ कप्तानगंज के इंसपेक्टर मुकेश सिंह की अगुवाई में पुल सहित आने जाने वाली ट्रेनों व स्टेशन की सघन तलाशी ली गई।
इस अभियान में एसआई सुरेशचंद पांडेय, बृजसुंदर, सिपाही रामनरेश यादव, मोलई प्रसाद आदि शामिल थे। इसके अलावा खड्डा पुलिस भी बिहार बार्डर सहित नदी के रास्तों पर कड़ी निगरानी रख रही है। आरपीएफ कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह ने बताया कि आगामी स्वतंत्रता दिवस व कश्मीर के हालात को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। छितौनी-बगहां पुल सहित रेल खंड पर सघन निगरानी की जा रही है।
पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान
पडरौना,कुशीनगर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सभी संवेदनशील स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। कुशीनगर के मुख्य मंदिर,माथा कुंवर मंदिर,रामाभार स्तूप सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों के अलावा पडरौना और कसया रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग की गई। इसमें पुलिस विभाग का डॉग स्क्वॉड भी शामिल था।
एसपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर किसी प्रकार की खलल न पड़े, इसलिए जनपद के सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि कुशीनगर के बौद्घ मंदिरों के साथ-साथ सभी महत्वपूर्ण स्थलों और बस एवं रेलवे स्टेशनों पर मौजूद लोगों तथा उनके सामानों की तलाशी ली गई। यह कार्य देर शाम तक चला।
Leave a Reply