रिपोर्ट:सैय्यद मकसूदुल हसन
सुलतानपुर।। जनपद में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ0 सीबीएन त्रिपाठी ने आज महिला चिकित्सालय में बनाये गये पोलियो बूथ पर फीता काटकर उद्घाटन के पश्चात नवजात शिशुओं को पोलियो की दो बंूद पिलाकर किया। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ0 आनन्द किशोर, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ0 राम आसरे, डीपीएम, एनआरएचएम संतोष कुमार आदि ने भी एक दर्जन नवजात शिशुओं को पोलियो की खुराक पिलायी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ0 त्रिपाठी ने कहा कि चिकित्सालय में जन्में नवजात शिशुओं के साथ-साथ अन्य शून्य से 05 वर्ष तक के शतप्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी जाये तथा सभी बच्चों के उंगलियो पर मार्कर पेन से निशान लगाये जायें और टैलीशीट में भी अंकन किया जाये। उन्होंने मौके पर उपस्थित प्रेम कुमारी हेल्थ विजिटर व निर्मला पाण्डेय एएनएम से इस बूथ पर लक्षित बच्चों की संख्या की जानकारी ली, उनके द्वारा बताया गया कि पिछले पल्स पोलियो अभियान में 150 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी गयी थी। इस बार भी कम से कम 150 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाये जाने का लक्ष्य है।
सीएमओ ने बताया कि जनपद के शून्य से 05 वर्ष तक 3 लाख 80 हजार 145 लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी जायेगी। रविवार को पोलियो दिवस पर 50 प्रतिशत शून्य से 05 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो प्रतिरक्षण टीकाकरण किये जाने के निर्देश 753 पोलियो टीमों को निर्देश दिये गये हैं तथा 243 सुपरवाइजर इस अभियान में लगे हैं। जिले में 1116 पोलियो बूथ बनाये गये हैं, जहां वैक्सीन आइस बाक्स सहित भेजी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि बूथ दिवस के दूसरे दिन सोमवार से 05 दिन तक उक्त टीमें घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायेगी और प्रतिदिन अपनी रिपोर्ट सम्बन्धित डाक्टर को सौंपेगी। उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने हेतु वह स्वंय व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अन्य सम्बन्धित अधिकारी तथा समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र/प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी/चिकित्सा अधीक्षक अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे।।
Leave a Reply