सर्द हवाएं और कहीं झमाझम बारिश तो कहीं बूंदाबांदी से बुंदेलखंड समेत सेंट्रल यूपी में ठिठुरन बढ़ने से लोग कांप उठे। बारिश व ठंड से समूचा जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र के धौलपुर खेड़ा गांव में बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर सुशील कुमार बघेल की आठ वर्षीय बेटी साक्षी की मौत हो गई।
चित्रकूट में देर शाम को ओला गिरने से मौसम और बेरहम हो गया। वहीं, बरसात से किसान खुश नजर आ रहे हैं। किसानों के मुताबिक इस बारिश से अगली फसल की सिंचाई के लिए कुछ राहत मिलेगी। हालांकि किसानों का यह भी कहना है कि हल्की बरसात से ही लाभ होगा।
तेज बारिश से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। बांदा में सुबह घना कोहरा छाया रहा। दिन में बदली छाई रही, कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई है। चित्रकूट में शाम को रिमझिम बारिश हुई। महोबा में झमाझम बरसात हुई। हमीरपुर में कई जगह हल्की बूंदाबांदी हुई।
इटावा में सुबह धूप निकली, नौ बजे के आसपास बूंदाबांदी हुई। कन्नौज में सुबह से ही सर्द हवाएं चलती रहीं। दोपहर करीब डेढ़ बजे रिमझिम बारिश हुई। जालौन में सुबह कोहरा छाया रहा। दिन में हल्की बूंदाबांदी हुई। औरैया में बुधवार की रात बारिश हुई। दिन में भी बूंदाबांदी होती रही
फतेहपुर में शहर व ग्रामीण इलाकों में शाम को बूंदाबांदी हुई। वहीं, फर्रुखाबाद, हरदोई व उन्नाव में दिन भर आसमान में बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलती रहीं। उधर, कानपुर में पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम का मिजाज बदल दिया है।
पहाड़ों पर बर्फबारी और गुरुवार को यहां पर हुई बारिश से ठंड बढ़ गई है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विभाग के प्रभारी डॉ. नौशाद खान ने बताया कि शाम पांच बजे एक मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। शुक्रवार और शनिवार को भी बारिश का अनुमान है।
Leave a Reply