अमेठी। आगामी 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल०वेंकटेश्वरलू के अमेठी दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल०वेंकटेश्वर लू ने अपने एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचे, जहां पर अमेठी जनपद के मुख्यालय गौरीगंज स्थित कलेक्ट्रेट में बने जिला निर्वाचन कार्यालय भवन का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शकुंतला गौतम एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित जिले के तमाम अधिकारी उपस्थित रहे तथा जिले के समस्त अधिकारियों के साथ बैठक भी हुई।
इसके उपरांत मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अमेठी कस्बे में स्थित रणवीर रणंजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता अभियान में हिस्सा लिया जिसमें विभिन्न कॉलेज के विद्यार्थी शामिल हुए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी से आगामी चुनाव के विषय में जागरूकता फैलाने की अपील की और कहा की जागरूकता के माध्यम से मतदान प्रतिशत बढ़ाना है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारी अमेठी को निर्देशित करते हुए कहा की सभी पोलिंग स्टेशनों पर दिव्यांगों के पहुंचने के लिए रैंप बनाएं जाएं तथा पोलिंग के दिन ई-रिक्शा तथा अन्य वाहनों की मदद से इन सभी को पोलिंग बूथ तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होने कहा की एक भी व्यक्ति बगैर मतदान के छूटना नहीं चाहिए और इस प्रकार का माहौल इस बार बनाना है कि हर व्यक्ति बिना किसी दबाव के सुगमता से अपना मतदान कर सके। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपने सम्बोधन मे सभी को जाति, धर्म, क्षेत्र से ऊपर उठकर देश के लिए मतदान करने की अपील किया साथ ही उन्होंने ई0बी0एम0 के प्रति लोगों में फैली भ्रान्तिया दूर करने पर विशेष जोर दिया।
अतिथियों का स्वागत करते हुए आरआरपीजी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ0 त्रिवेणी सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम मतदाताओं को जागरूक करने में सफल साबित होगा। सभी के प्रति आभार उपजिला निर्वाचन अधिकारी ईश्वर चन्द्र ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्य सहायक निर्वाचन अधिकारी उ0प्र0 सुनीता सिंह, पुलिस अधीक्षक अमेठी अनुराग आर्य, इण्टर नेशनल शूटर रूचि सिंह, अपर जिला न्यायिक अधिकारी रश्मि सिंह, अमेठी जनपद के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला विद्यालय निरीक्षक, स्वीपकोआर्डिनेटर, जनपद के सभी विद्यालयों के प्राचार्य, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रमाधिकारी एवं स्वयं सेवक उपस्थित थे।
Leave a Reply