[object Promise]
रिपोर्ट चंद्रप्रकाश शुक्ला
गोरखपुर। सोमवार को वीरबहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कुल 36.54 करोड़ की लागत से 17 परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। जिसमें 24.98 करोड़ की लागत से 8 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 11.56 करोड़ की लागत से 9 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
लोकार्पित परियोजनाओं में आबकारी भवन, पुलिस विभाग में क्राइम ब्रान्च आफिस, वीरबहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज में एस्ट्रो टर्फ हाकी मैदान तथा कुश्ती हाल, राजकीय महिला पालीटेक्निक में सीसी इन्टरलाकिंग टाइल्स आदि, सदर तहसील में आवासीय भवन का निर्माण कार्य, सुभाष भवन में मेस, टायलेट, सीवरेज, कामन रूम का जीर्णोद्धार कार्य तथा गीडा सेक्टर 5 न्यू गोरखपुर में आवासीय योजना में 5 नग पार्क का निर्माण कार्य शामिल है।
मुख्यमंत्री ने 9 परियोजनाओं जिसमें शहीद स्मारक डोहरिया कला के सौन्दर्यीकरण, कैम्पियरगंज में ग्राम बरगदही स्थित शिव मंदिर के पर्यटन विकास का कार्य, सन्त रविदास मंदिर अलवापुर के सौन्दर्यीकरण का कार्य, कैम्पियरगंज के ग्राम कल्याणपुर में बैसही देवी मंदिर के सौन्दर्यीकरण का कार्य, कैम्पियरगंज के ग्राम सुम्भाखोर में समय माता मंदिर एंव पोखरे के सौन्दर्यीकरण का कार्य, तहसील बासगांव स्थित ग्राम तिघरा में तालाब के सौन्दर्यीकरण आदि का कार्य, भरोहिया शिव मंदिर कैम्पियरगंज, मण्डलीय कारागार में पं राम प्रसाद बिस्मिल शहीद स्मारक के सौन्दर्यीकरण एवं पर्यटन विकास कार्य तथा शहीद स्मारक चैरी चैरा में पर्यटन विकास एंव सौन्दर्यीकरण के कार्य का शिलान्यास किया।
वीरबहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज परिसर में सेन्थेटिक हाकी मैदान एंव कुश्ती हाल के लोकार्पण के पश्चात मुख्यमंत्री ने उसका विधिवत अवलोकन किया। स्पोट्स कालेज के छात्र छात्राओं द्वारा जिम्नास्टिक/हाकी खेल का प्रदर्शन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ी जितना अनुशासित होता है उतना ही ऊर्जावान होता है। उन्होंने स्पोर्ट्स कालेज के छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहाकि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की है जिसका नतीजा है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक अर्जित प्रदेश व देश का नाम गौरवान्वित कर रहे है। कहाकि खिलाड़ियों की समस्याओं का निराकरण प्रमुखता के आधार पर किया जा रहा है क्योंकि सुविधा के अभाव में खिलाड़ी अपनी क्षमता का प्रदर्शन भरपूर नहीं कर पाते हैं इसलिए खेल सुविधाओं को विकसित करने की दिशा में निरन्तर कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहाकि प्रदेश सरकार द्वारा ओलम्पिक गेम्स में प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाता है। जिसके अन्तर्गत स्वर्ण पदक 6 करोड़, रजत पदक 4 करोड़, कांस्य पदक 2 करोड़ की पुरस्कार राशि दी जाती है। एशियन कामन वेल्थ गेम्स में पदक विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक 50 लाख, रजत पदक 30 लाख, कांस्य पदक 15 लाख का प्रोत्साहन राशि दिया जाता है। कहाकि 24 जनवरी को प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न खेलों के एक-एक खिलाड़ियों को प्रदेश का सर्वोच्च पुरस्कार पुरूष वर्ग मे लक्ष्मण पुरस्कार एवं महिला वर्ग में रानी लक्ष्मी बाई पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके अन्तर्गत अलंकृत होने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र, लक्ष्मण/रानी लक्ष्मी बाई की कांस्य प्रतिमा तथा 3 लाख 11 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गयी थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों को विकसित करने हेतु राजस्व एंव खेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि हर गांव में खेल का मैदान स्थापित हो जिससे बच्चे पढ़ाई के साथ साथ अच्छे खिलाड़ी भी बने। उन्होंने कहा कि किसी भी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को राजपत्रित अधिकारी के रूप नियुक्ति देने तथा स्पोर्ट्स कोटे के रिक्तियों को तत्काल प्रभाव से भरे जाने की कार्रवाई के निर्देश दिये गये है।
बतौर विशिष्ट अतिथि खेलकूद युवा कल्याण एवं कौशल विकास मंत्री चेतन चैहान ने कहाकि खेलों को विकसित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है, खेल का वातावरण बने तथा आधुनिक सुविधाएं प्रदान कर उसे निरन्तर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। खेल निदेशक आरपी सिंह ने इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों को स्वागत किया। इस मौके पर विधायक फतेह बहादुर सिंह, महेन्द्रपाल सिंह, संगीता यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, मण्डलायुक्त अमित गुप्ता, एडीजी दावा शेरपा, जिलाधिकारी के विजयेन्द्र पाण्डियन आदि उपस्थित रहे ।
Leave a Reply