संतकबीरनगर। लोकसभा चुनाव निकट होने का साथ ही राजनीतिक तनातनी का दौर भी जारी है। इसको लेकर आज भाजपा सांसद का मेंहदावल विधायक से टकराव हो गया। संतकबीरनगर में बुधवार की शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला योजना समिति की बैठक के दौरान सांसद शरद त्रिपाठी और मेंहदावल विधायक राकेश सिंह बघेल आपस में भिड़ गए।
विकास कार्यों के शिलापट्ट पर नाम लिखने की बात को लेकर दोनों इस कदर आग बबूला हुए कि एक दूसरे को देख लेने की धमकी देने लगे। वहां पर विधायक के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी है।
वह सांसद के निकलने का इंतजार कर रहे हैं। जिले के समस्त पुलिए एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर हैं। प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में चल रही बैठक के दौरान सांसद शरद त्रिपाठी ने पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सईएन एके दूबे से कहा कि करमैनी-बेलौली बंधे की मरम्मत कार्य का शिलान्यास कल हुआ।
इसमें केवल विधायक का ही नाम क्यों है, क्या सांसद का नाम नहीं रह सकता, यह किस गाइडलाइन में है, मुझे बताएं। इस पर एक्सईएन ने कहाकि गलती हो गई, सुधार कर दिया जाएगा।
इसी बीच मेहदावल के भाजपा विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा कि जो पूछना है मुझसे पूछे, एक्सईएन से नहीं। इस पर सांसद ने कहा कि आप जैसे तमाम विधायकों को मैंने देखा हैं।
इस पर सांसद और विधायक एक-दूसरे को अपशब्द कहने लगे। इसी दौरान सांसद ने अपने पैर से जूता निकाला और विधायक को खींचकर मारा। बगल में मौजूद धनघटा विधायक श्रीराम चैहान, प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री आशुतोष टंडन, डीएम रवीश कुमार गुप्ता आदि यह घटना देख आवाक रह गए। मंत्री, डीएम व विधायक ने बीच बचाव कराया।
इसके तुरंत बाद मंत्री बैठक छोड़कर लखनऊ लौट गए। बैठक समाप्त हो गई। सांसद एक कमरे में जाकर अंदर से बंद कर लिए जबकि विधायक अपने समर्थकों समेत परिसर में ही खड़े रहे। डीएम रवीश कुमार गुप्ता मामले को शांत कराने में जुटे हुए थे।
Leave a Reply