मायावती ने भरा 1. 68 करोड़ रुपये बिजली का बिल

लखनऊ। राज्य संपत्ति विभाग की ओर से बकाया बिजली बिल चुकाने के दबाव के बाद बसपा प्रमुख मायावती ने 30 मार्च को 1.68 करोड़ रुपए का भुगतान लेसा को किया। यह रकम तीन बिजली कनेक्शन पर बकाये की है। लेसा ने चेक लेने के बाद 9 दिन से कटे पड़े गेस्ट हाउस के दो कनेक्शन को जोड़ा।

जानकारी के मुताबिक, मायावती के माल एवेन्यू स्थित आवास पर स्टेट ऑफिसर यूपी के नाम से बिजली कनेक्शन है। इस आवास पर काफी लंबे समय से बिजली बिल नहीं भरा था। बकाया रकम 94,41,241 रुपए पहुंच गई थी। लेसा ने बिल का पेमेंट ना होने पर बिजली काटने का अल्टीमेटम दिया था। वही लाल बहादुर शास्त्री मार्ग स्थित बसपा के गेस्ट हाउस पर राज्य संपत्ति अधिकारी के नाम से दो बिजली कनेक्शन हैं।

इन पर क्रमशः 45,69, 719 रुपए एवं 27,99,768 रूपये का बिल कनेक्शन के समय से ही बाकी था। लेसा के निजीकरण का विरोध करने वाली संघर्ष समिति ने 23 मार्च को गेस्ट हाउस की बिजली काट दी थी। शासन की पैरवी पर लेसा ने सभी सरकारी कनेक्शन का बिल चुकाने के आश्वासन पर जोड़ा था।

लेकिन बसपा गेस्ट हाउस के कनेक्शन को नहीं जोड़ा था। गेस्ट हाउस में 9 दिन तक अंधेरा रहा। इसके बाद मायावती ने 30 मार्च को बकाया बिल के मद में दो चेक लेसा को सौंपे। इसकी पुष्टि के अधिकारी ने की। पार्टी सूत्रों ने बताया कि चेक लेने के बाद 30 मार्च की शाम ही गेस्ट हाउस बिजली जोड़ दी गई थी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *