129 महिलाएं व बच्चे उ.प्र. रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार से सम्मानित
लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओं को अन्याय और शोषण बर्दाश्त नहीं करना चाहिए। उन्हें इसके विरुद्ध आवाज उठानी चाहिए। राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इस हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए गये हैं। महिलाओं की सुरक्षा तथा उन्हें अन्याय एवं शोषण से बचाने के लिए हेल्पलाइन ‘181’ प्रारम्भ की गयी है।
‘1090’ पहले से ही संचालित है। प्रदेश सरकार पीएसी की महिला बटालियन के गठन का कार्य कर रही है। साथ ही, महिलाओं में कुपोषण समाप्त करने के लिए ‘शबरी संकल्प योजना’, बालिकाओं की स्नातक तक निःशुल्क शिक्षा हेतु अहिल्याबाई योजना संचालित की जा रही है। मुख्यमंत्री आज यहां लोक भवन में उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार एवं बेगम अख्तर पुरस्कार वितरण समारोह में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
इस मौके पर कुल 129 महिलाओं एवं बच्चों को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं 01 लाख रुपए की धनराशि प्रदान कर उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री जी ने श्रीमती सिंधु, कुवर दिव्यांश, सुश्री पल्लवी फौजदार, श्रीमती पुष्पा, डा. ज्युड एमएसजे, श्रीमती तारा, कु. रीतिका, कु. ज्योति श्रीवास्तव, श्रीमती रीमा सिंह, श्रीमती वर्षा सिंह, श्रीमती महजबीं, श्रीमती रंजना द्विवेदी, श्रीमती अवधेश कुमारी, श्रीमती शालिया बानो, श्रीमती शहनाज बानो को स्वयं सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पं. धर्मनाथ मिश्र एवं उस्ताद सखावत हुसैन खां को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र तथा 05 लाख रुपए की धनराशि प्रदान कर वर्ष 2017-18 के बेगम अख्तर पुरस्कार से सम्मानित किया। योगी ने कहा कि भारतीय समाज में मातृ शक्ति के प्रति सदैव एक विशिष्ट भाव रहा है।
। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर बेगम अख्तर पुरस्कार से सम्मानित पं0 धर्मदास मिश्र एवं उस्ताद सखावत हुसैन खां के गायन के क्षेत्र में योगदान की चर्चा करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। कार्यक्रम को महिला कल्याण मंत्री श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी, संस्कृति मंत्री लक्ष्मी नारायण चैधरी, महिला कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती स्वाती सिंह ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती अनुपमा जायसवाल, अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रमुख सचिव महिला कल्याण एवं बाल विकास श्रीमती रेणुका कुमार सहित अधिकारीगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Read More : यूपी के सभी कार्यालयों में 1 अप्रैल से बाबा साहेब डॉ भीमराव रामजी आंबेडकर के चित्र
Leave a Reply