उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव से बीजेपी के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर गैंगरेप का आरोप लगाने वाली पीड़िता रविवार को एक सड़क हादसे में बुरी तरह घायल हो गई, पीड़िता के वाहन को रविवार दोपहर रायबरेली जिले में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस घटना में बुरी तरह से घायल होने के बाद पीड़िता मां और चाची की मौत हो गई।
गैंगरेप पीड़िता और उनके वकील की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में रेफर किया गया है। पीड़िता के परिजनों ने हादसे को साजिश बताया है। दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी ने भी मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।
पीड़िता के मामा ने आरोप लगाया कि यह हादसा नहीं, बल्कि एक साजिश है। विधायक के आदमियों ने इसे कराया है। जिस ट्रक से टक्कर हुई है, उसके नम्बर प्लेट पर कालिख पुती है। हालांकि पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और ड्राइवर को हिरासत में लिया है। उधर, एसपी सुनील सिंह ने कहा कि कोई साजिश नहीं है। अगर आरोप लग रहा है, तो उसकी जांच कराई जाएगी।

Advocate Vimal Kumar Yadav, Junior of Advocate Mahendra Singh (lawyer of the victim in Unnao rape case): Victim, her mother, her aunt, and her lawyer were injured in the accident. Victim’s mother and aunt succumbed to injuries; the victim and her lawyer are in critical condition. pic.twitter.com/5svvG7vDBz
— ANI UP (@ANINewsUP) July 28, 2019
समाजवादी पार्टी ने हादसे के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। पार्टी ने पीड़िता के परिवार के लिए मुआवजे की भी मांग की है। एसपी ने अपने ऑफिशल ट्टिवटर हैंडल से ट्वीट कर घटना पर दुख जताया और रायबरेली जिला प्रशासन से गंभीर रूप से जख्मी गैंगरेप पीड़ता का हर संभव उपचार कराने की अपील की है।
पार्टी ने प्रशासन से पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।पुलिस के मुताबिक ट्रक फतेहपुर का है। घटना की जांच फरेंसिक टीम कर रही है। गैंगरेप पीड़िता को सुरक्षा के लिए 2 सरकारी गनर भी मिले हुए हैं, लेकिन घटना के वक्त दोनों उसके साथ नहीं थे।
बताया जा रहा है कि नियमित तौर पर सुरक्षा के लिए तैनात रहने वाले दोनों गनर रविवार को रायबरेली जाते समय कार में जगह न मिलने के कारण पाड़िता के साथ नहीं गए थे। मिली जानकारी के अनुसार, उन्नाव गैंगरेप पीड़िता के एक रिश्तेदार अभी रायबरेली की जेल में बंद हैं। रविवार को पीड़िता अपनी मां, चाची और वकील के साथ उनसे मिलने के लिए निजी वाहन से रायबरेली जा रही थी।
इसी दौरान पीड़िता की कार यहां के सुल्तानपुर खेड़ा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।हादसा इतना भीषण था कि ट्रक की चपेट में आने के बाद पीड़िता की गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में पीड़िता की मां और चाची समेत चारों घायलों को जिला अस्पताल में पहुंचाया गया।
यहां हालत बिगड़ने पर सभी को लखनऊ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान पीड़िता की मां और चाची की मौत हो गई जबकि वकील और गैंगरेप पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है। गौरतलब है कि उन्नाव के माखी में हुए चर्चित गैंगरेप कांड में बीजेपी के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का नाम सामने आया था। इस मामले पर प्रदेश में जमकर हंगामा हुआ था और रेप की वारदात के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। बाद में यूपी सरकार ने उन्नाव गैंगरेप केस की जांच सीबीआई को सौंप दी थी।
Leave a Reply