रिपोर्ट उपेंद्र कुशवाहा
पडरौना,कुशीनगर : जिले के हाटा नगर की एक महिला बाक्सर ने एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। अपने जबरदस्त पंचों से विरोधियों को रिंग में चित कर उसने भारतीय बाक्सिंग टीम में अपनी जगह पक्की की है। बुल्गारिया में होने वाले अंतरराष्ट्रीय बाक्सिंग चैम्पियनशिप में अब वह फाइट करेगी।
हाटा नगरपालिका परिषद के देवरिया देहात निवासी पुरुषोत्तम सिंह की पुत्री आंचल सिंह ने बीते नवंबर माह में आईबा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में 48 किलो भार जूनियर में यूपी की टीम से खेलकर मेडल जीता था। इसकी वजह से वह भारतीय टीम से बुल्गारिया में होने वाले अन्तराष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में विशेष प्रशिक्षण के लिए भारतीय कैम्प में चयनित हुई है।
आंचल कुशीनगर जनपद की दूसरी महिला मुक्केबाज है, जिसको भारतीय टीम में स्थान मिला है। आंचल बुल्गारिया में होने वाले अन्तरराष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता के विशेष प्रशिक्षण के लिए हरियाणा के रोहतक स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण एनबीएसाई सेंटर के कैम्प में 27 मई से 17 जून तक रहेगी।
गोल्ड जीत चुकी आंचल हाटा में जूनियर हाई स्कूल परिसर में कोच राजेश गुप्ता से प्रशिक्षण ली है। वर्ष 2016 में इलाहाबाद में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड, 2017 में मेरठ में कैलाश स्पोर्टस स्टेडियम में गोल्ड व 2018 में एटा में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत चुकी है। भारतीय बॉक्सिंग टीम में चयन होने के बाद आंचल ने कहा कि उसका मकसद भारतीय टीम के लिए मेडल जीतकर लाना है। इसके लिए दिन-रात मेहनत कर रही है। उसकी मेहनत जरूर रंग लाएगी।
Leave a Reply