फिर बिगड़ी तबीयत SP के दिग्गज नेता मुलायम सिंह यादव की, PGI में भर्ती

फिर बिगड़ी तबीयत SP के दिग्गज नेता मुलायम सिंह यादव की, PGI में भर्ती

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के पेट में दर्द की शिकायत के कारण बुधवार को उन्हें यहां संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट (PGI) में भर्ती कराया गया है। पीजीआई के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने बताया, “मुलायम सिंह यादव को पेट में दिक्कत थी, जिसके बाद उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया गया है। जांच में ऐसी कोई गंभीर दिक्कत सामने नहीं आई है।”

डॉ. कपूर ने बताया, “इमरजेंसी में मुलायम सिंह यादव से जुड़ी सभी रूटीन जांचें संपन्न हो गई हैं। जांच में गंभीर शिकायत नहीं मिली। नेताजी की इच्छानुसार ही उन्हें डिस्चार्ज किया जाएगा।”

मुलायम सिंह यादव की तबीयत कुछ महीनों से खराब चल रही है। इस साल जून महीने में भी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस वक्त उन्हें यूरिनरी रिटेंशन की शिकायत बताई गई थी।

ज्ञात हो कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे हैं और उन्हें हाईपर ग्लाईसिमिया और हाईपर डायबीटिज की समस्या है। इलाज के लिए उन्हें लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भी भर्ती कराया जा चुका है।

इस साल संसद में सदस्य के रूप में शपथ लेने के दौरान मुलायम ने अपनी सीट पर खड़े होकर ही शपथ ली थी। वे वेल तक नहीं आए थे। उन्होंने लोकसभा चुनाव में मैनपुरी संसदीय सीट से चुनाव जीता था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *