जनपद प्रयागराज के सिविल लाइंस में लोहिया मार्ग पर स्थित रेस्टोरेंट में नशे में धुत होकर पहुंचे युवकों ने आधी रात जमकर उपद्रव किया। मालिक व उसके बुजुर्ग पिता पर हमला किया। साथ ही तोड़फोड़ करते हुए कैशबॉक्स भी लूटने की कोशिश की। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज किया लेकिन धाराओं में खेल कर दिया। जिसे लेकर भुक्तभोगी में आक्रोश है। खुल्दाबाद निवासी मनीष कुमार लोहिया मार्ग पर मील्स एंड व्हील्स रेस्टोरेंट चलाते हैं। उनका आरोप है कि सात मई की रात 11.30 बजे के करीब उनके रेस्टोरेंट पर सात-आठ लोग नशे में धुत होकर आए और खाना मांगा। खाना खत्म होने की वजह से इंकार किया गया तो वह गालीगलौच करने लगे। विरोध पर मारपीट करने लगे।
वहां मौजूद मनीष के बुजुर्ग पिता बाबूलाल ने बीचबचाव किया तो उनके सिर पर बिलिंग मशीन उठाकर पटक दी। इसके बाद भी कई बार वार किया। बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की और कैशबॉक्स भी लूटने की कोशिश की। शोरगुल हुआ तो हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले l सूचना देने पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल के बाद लौट गई। शनिवार सुबह तहरीर देने पर इमरान व आकाश को नामजद करते हुए उनके अज्ञात साथियों पर मुकदमा लिखा। भुक्तभोगी का आरोप है कि पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज किया लेकिन इसमें खेल कर दिया। मारपीट व धमकी जैसी हल्की धाराएं लगाई। इस बारे में इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। रेस्टोरेंट में उपद्रव की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
इसमें दिख रहा है कि कुछ युवक 11.32 मिनट पर रेस्टोरेंट के भीतर आते हैं। पांच मिनट बाद वह कैश काउंटर पर पहुंच जाते हैं और मालिक से उलझ जाते हैं। अचानक आरोपी युवक हमलावर हो जाते हैं। बीचबचाव को रेस्टोरेंट मालिक के बुजुर्ग पिता आते हैं तो काली टीशर्ट पहना हुआ युवक उन पर बिलिंग मशीन उठाकर हमला बोल देता है। फिर कुछ मिनटों तक दोनों को पीटने के बाद हमलावर भागने लगते हैं। बाहर आकर वह बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ भी करते हैं।
Leave a Reply