जनपद प्रयागराज में बेखौफ बदमाशों ने सोमवार को पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक यादव की सफारी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोली से कार क्षतिग्रस्त हो गई और छर्रे लगने से उनका निजी गनर जवाहर लाल द्विवेदी (65) जख्मी हो गया। झूंसी थाना क्षेत्र के चकहरिहर वन चौराहे के पास सरेराह हुई वारदात से सनसनी फैल गई। मामले में बहादुरपुर के ब्लॉक प्रमुख अरुणेंद्र यादव समेत छह लोगों पर मुकदमा हुआ है। हमले के पीछे अविश्वास प्रस्ताव और पुरानी रंजिश बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। झूंसी थाना क्षेत्र के छतनाग गांव निवासी अशोक यादव बसपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं।
उनकी पत्नी शशि देवी छतनाग गांव की प्रधान हैं। एक भाई राजकुमार बीडीसी सदस्य तो दूसरा शिवकुमार जिला पंचायत सदस्य हैं। कहा जा रहा है कि राजकुमार वर्तमान ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहे हैं। इसी सिलसिले में वह बीडीसी सदस्यों से मिलने के लिए जा रहे थे। अशोक व राजकुमार अलग-अलग वाहन में सवार थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे जैसे ही चकहरिहर वन चौराहे के पास पहुंचे, तभी कई बदमाशों ने उनकी कार पर फायरिंग शुरू कर दी। इससे अशोक की कार क्षतिग्रस्त हो गई और गनर जख्मी हो गया तो हमलावर असलहा लहराते हुए भाग निकले। किसी तरह बचकर दोनों भाई वाहनों से झूंसी थाने पहुंचे। कुछ ही देर में दर्जनों समर्थक पहुंच गए तो खलबली मच गई। बाद में सीओ, एसपी गंगापार कई थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
घटनास्थल से तीन खोखा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुई है। गनर जवाहर लाल चित्रकूट जिले के राजापुर थाना क्षेत्र के नैनी गांव का मूल निवासी है। इंस्पेक्टर झूंसी विनोद कुमार का कहना है कि अशोक की तहरीर पर छतनाग निवासी अरुणेंद्र उसके भाई अमर, चंद्रजीत व तीन अज्ञात के खिलाफ झूंसी थाने में मुकदमा हुआ है। उधर, अरुणेंद्र ने फर्जी फंसाने का आरोप लगाया है। साथ ही निष्पक्षता से जांच कराने की मांग की है। एसपी गंगापार एनके सिंह का कहना है कि अविश्वास प्रस्ताव और पुरानी रंजिश में हमले की बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखकर जांच की जा रही है। जल्द ही हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Leave a Reply