गोंडा। लोकसभा चुनावों में बीजेपी को मिली रेकॉर्ड तोड़ जीत के बाद देश भर से उनके अनोखे प्रशंसकों की खबरें आ रही हैं। एक मुस्लिम परिवार में मां ने जिद पकड़ ली कि बच्चे का नाम नरेंद्र दामोदर दास मोदी ही रखा जाए, मां की जिद पूरी हुई।
घटना गोंडा जिले के वजीरगंज कस्बे की है जहां मैनाज नाम की मुस्लिम महिला ने 23 मई को एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के पैदा होने के बाद मैनाज ने इच्छा जाहिर की कि बच्चे का नाम देश के प्रधानमंत्री के नाम पर रखा जाए। पहले तो लोगों को यह हंसी-मजाक लगा लेकिन जब बच्चे की मां अपनी बात पर अड़ी रही तो लोग सोच में पड़ गए।
माँ ने बताया कि, उसने बच्चे का नाम नरेंद्र दामोदर दास मोदी रखने की जिद पकड़ ली है, पहले तो ससुराल वालों की ना नुकुर पर ससुर मोहम्मद इदरीस ने बहू के फैसले पर सहमत जताई। दुबई में नौकरी कर रहे शौहर मुश्ताक अहमद से भी मोबाइल पर रजामंदी ली गई और बच्चे का नाम नरेंद्र दामोदर दास मोदी रख दिया।
बच्चे की मां मैनाज बेगम कहती हैं कि वो नरेन्द्र मोदी जी के बारे में देखती सुनती आ रही हैं। वो कहती हैं मोदी जी अच्छा काम कर रहे हैं, वे दोबारा आए तो उनके लिए बच्चे का नामकरण एक तोहफा भर है। बोली तीन तलाक पर कानून बना कर मोदी जी ने मुस्लिम महिलाओं को बड़ा सहारा दिया है।
मैनाज बेगम ने डीएम के नाम एक शपथ पत्र बनवाया है। इसे ससुर मोहम्मद इदरीस ने डीएम के कैम्प कार्यालय में शुक्रवार को रिसीव करा दिया है। एडीओ पंचायत वजीरगंज घनश्याम पाण्डेय को भी शपथ पत्र दिया गया है। श्री पाण्डेय ने बताया कि शपथ पत्र मिला है। इसे वीडीओ परसापुर महरौर को भेजा गया है। परिवार रजिस्टर में नवजात बच्चे का नाम नरेन्द्र दामोदर दास मोदी दर्ज हो जाएगा।
Leave a Reply