संवाददाता
देवरिया । जपनद देवरिया जिला जेल में गुरुवार की सुबह साढ़े छह बजे जिलाधिकारी सुजीत कुमार व एसपी रोहन पी कनय के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासन की टीम ने छापेमारी की। बाहुबली नेता अतीक अहमद के बैरक से एक मोबाइल सिम कार्ड, कम्प्यूटर में लगाए जाने वाले चार पैन ड्राइव बरामद हुआ। जबकि तलाशी में अन्य बैरकों से एक मोबाइल, तीन मोबाइल सिम कार्ड, चाकू व अन्य संदिग्ध सामान बरामद हुए है।
साढ़े तीन घटे चली तलाशी से हड़कंप मचा रहा। जेल अधीक्षक को इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है। देवरिया जेल में बाहुबली नेता अतीक अहमद, जिला पंचायत अध्यक्ष रामप्रवेश यादव, बदमाश मुलायम यादव समेत कई बड़े अपराधी बंद है। आए दिन इस जेल से मोबाइल के जरिये बात होने की सूचना मिलती रहती है।
सूत्रों के अनुसार डीएम सुजीत कुमार व एसपी 500 पुलिस कर्मियों के साथ साढ़े छह बजे ही जेल पहुंच गए और एक-एक बैरकों की सघन तलाशी ली गई। अतीक अहमद के बैरक से एक जियो का सिम कार्ड, चार पैन ड्राइव बरामद हुआ। जबकि अन्य बैरक से एक मोबाइल, तीन सिम कार्ड, चाकू, कैंची समेत अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। पहली बार जेल में तलाशी के लिए सीढ़ी तक का इस्तेमाल किया गया।
जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि अतीक के बैरक से सिम कार्ड, पैन ड्राइव बरामद हुआ है। जबकि अन्य बैरक से मोबाइल, सिम कार्ड व अन्य सामान बरामद हुए हैं। मुकदमा दर्ज कराने के लिए जेल अधीक्षक को निर्देश दिया गया है।
Leave a Reply