डीएम ने दिए लंबित प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश।
रिपोर्ट:सैय्यद मकसूदुल हसन
अमेठी।। उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मी बाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की जिला संचालन समिति की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी श्री प्रशांत शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में डीएम ने अब तक के सभी केसों के बारें में जानकारी ली। जिला प्रोबेशन अधिकारी अजय पाल सिंह ने बताया कि अब तक हमारे यहां 32 केसो का पेमेंट किया जा चुका है। जिला संचालन समिति स्तर पर 13 प्रकरण लंबित है, तथा नोडल चिकित्साधिकारी स्तर पर कुल 24 प्रकरण लंबित है
तथा नोडल पुलिस विभाग स्तर पर 10 प्रकरण चार्जशीट हेतु लंबित हैं। जिला संचालन समिति स्तर पर लम्बित 13 प्रकरणों की सुनवाई के दौरान कमेटी द्वारा 02 प्रकरण स्वीकृत किए गए, 01 प्रकरण में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को रिमाइंडर भेजने के निर्देश दिए, 01 प्रकरण में डीएम की ओर से पुलिस विभाग को पत्र भेजने के निर्देश दिए तथा शेष 09 प्रकरण में मेडिकल रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त होने की वजह से अस्वीकृत करने के निर्देश दिए। डीएम ने लम्बित प्रकरणों को जल्द से जल्द निस्तारण करने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के केसों को पूरी गम्भीरता के साथ लें जिससे पीडिता को न्याय और अपराधी को सजा दिलायी जा सके। जिलाधिकारी ने नोडल चिकित्साधिकारी स्तर पर लंबित 24 प्रकरण तथा नोडल पुलिस विभाग स्तर पर लंबित 10 प्रकरणों में जल्द से जल्द कार्यवाही करते हुए अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम सरोज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आर.एम. श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक आशुतोष दूबे, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी विद्या देवी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply