स्वतंत्रता दिवस पूर्ण गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।डीएम ने पौध रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
हमें अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ करना चाहिए…..डीएम।
रिपोर्ट:सैय्यद मकसूदुल हसन
अमेठी।। जनपद में स्वतंत्रता दिवस पूर्ण गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कलेक्टर परिसर में जिलाधिकारी प्रशांत शर्मा के साथ ही समस्त कार्यालाध्यक्षों ने अपने-अपने कार्यालय भवन पर ध्वजारोहण किया। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट भवन पर झंडारोहण के पश्चात मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को बालिका सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वतंत्रता की मूल अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के विकास में कर्मठता के साथ अपना दायित्व निर्वाहन ही हमारे अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि हम जहां भी कार्य कर रहे हैं और उससे देश की उन्नति में योगदान हो रहा है तथा लोगों में समरसता तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता सुदृढ़ हो रही है तो निश्चित ही हम अपने दायित्वों का निर्वाहन कर रहे है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति और वैज्ञानिक उपलब्धियां अर्जित की हैं।
उन्होंने कहा कि देश सभी धर्मों और संप्रदायों में पारस्परिक विश्वास, सद्भावना और एकता से ही प्रगति कर सकता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने कार्य एवं उत्तरदायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना चाहिए सभी वर्गों के उत्थान के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करें। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित गोष्ठी के बाद डीएम ने अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी व प्रभागीय वनाधिकारी के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण कर लोगों को भी वृक्षारोपण कर जिले को हरा भरा बनाने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण करने की अपील किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। शिक्षण संस्थानों में खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, राष्ट्रीय एकता धर्मनिरपेक्षता पर वाद-विवाद, व निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी अमित कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी आलोक राजवंशी सहित कलेक्ट्रेट परिसर के कर्मचारी मौजूद रहे।
Leave a Reply