जल्दी ही यूपी के छह अन्य शहरो मे दौड़ेगी मैट्रो

जल्दी ही यूपी के छह अन्य शहरो मे दौड़ेगी मैट्रो

वशिष्ठ चौबे की रिपोर्ट

लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ और कानपुर के बाद उत्तर प्रदेश के छह और शहरों में शीघ्र मेट्रो रेल परियोजना का काम शुरू होगा। इनमें आगरा, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर व झांसी शहर शामिल हैं। इन शहरों में मेट्रो रेल के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार है। शीघ्र ही इन शहरों में मेट्रो या फिर मेट्रो लाइट का काम दिखाई देने लगेगा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लखनऊ में तीन दिवसीय अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एंड एक्सपो के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार नगर निगम वाले सभी 17 शहरों को स्मार्ट सिटी बना रही है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पिछले एक माह से स्मॉग को लेकर जनजीवन अस्त व्यस्त है। सांस लेने में परेशानी हो रही है, स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। यह सब परिस्थितियां हमें सतत व समग्र विकास की ओर सोचने को मजबूर करती हैैं। वायु प्रदूषण कम हो इसके लिए हमने ई-व्हीकल पॉलिसी लागू कर दी है। सीएनजी व इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा दे रहे हैं।इससे पहले केंद्रीय आवासन एवं शहरी मामलों के राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि मेट्रो इंफ्रास्ट्रक्चर महंगा होने के कारण अब मेट्रो लाइट सेवा को विकल्प के रूप में लाया गया है। मेट्रो लाइट का इंफ्रास्ट्रक्चर मेट्रो से सस्ता है। लखनऊ मेट्रो के पहले चरण का काम तीन साल में पूरा हुआ था लेकिन कानपुर मेट्रो का काम 2.2 वर्ष में पूरा किया जाएगा। देश के विभिन्न शहरों में अब तक 680 किलोमीटर मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है। करीब 900 किलोमीटर की मेट्रो सेवा पाइपलाइन में है।मुख्य सचिव आरके तिवारी ने कहा कि प्रदेश में हर वर्ष 10 फीसद वाहन बढ़ रहे हैं जबकि उसके अनुपात में सड़कें केवल चार फीसद बढ़ रही हैं इसलिए सार्वजनिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से तीन फीसद जीडीपी प्रभावित होती है। इसलिए सरकार की कोशिश है कि सुरक्षित व सुगम यातायात मुहैया कराया जाए। इस मौके पर मेट्रो लाइट बुकलेट का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम में जर्मनी के राजदूत वॉल्टर जे लिंडनर, विश्व बैंक के पूर्व वरिष्ठ निदेशक जोसलुईस इरिगॉयन, केंद्रीय सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, प्रदेश के आवास एवं शहरी नियोजन राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव सहित कई अन्य उपस्थित थे।हरदीप पुरी ने कहा कि मेट्रो का किराया तय करने का अधिकार राजनीतिज्ञों को नहीं बल्कि यह काम प्रोफेशनल को दिया जाना चाहिए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव से दो-तीन महीने पहले मेट्रो सेवा मुफ्त करने जैसे लोकलुभावन निर्णय विकास की गति को अवरुद्ध कर देते हैं। यह निर्णय केवल चुनावी है। इस तरह के निर्णय नुकसान पहुंचाते हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *