इज्जत घर निर्माण में खराब प्रगति पर 08 प्रधानों को नोटिस, 05 सचिवों का रूका वेतन व 01 सचिव निलंबित।
रिपोर्ट:सैय्यद मकसूदुल हसन
सुलतानपुर ।। मुख्य विकास अधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन(ग्रामीण) योजनान्तर्गत जनपद में सबसे खराब प्रगति के 17 ग्राम पंचायतों के सचिवों व प्रधानों, सम्बन्धित विकास खण्ड के सहायक विकास अधिकारी(पं0) तथा खण्ड विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आज विकास भवन सभाकक्ष में आयोजित की गयी, जिसमें इज्जत घरों के निर्माण में रूचि न लेने वाले एवं घोर लापरवाही बरतने के कारण 08 प्रधानों को नोटिस, 05 ग्राम सचिवों का वेतन रोका गया तथा 01 सचिव किये गये निलंबित। एलओबी के अन्तर्गत चयनित लाभार्थियों के इज्जत घरों का निर्माण 15 जून से पूर्व सुनिश्चित करायें सम्बन्धित ग्राम सचिव व ग्राम प्रधान।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन योजनान्तर्गत इज्जत घर निर्माण कार्य की गहन समीक्षा में पाया कि रूचि न लेने वाले व घोर लापरवाही बरतने के कारण विकास खण्ड अखण्डनगर की ग्राम पंचायत बनबहासिरखिनपुर एवं सजमपुर, विकास खण्ड कादीपुर के ग्राम पंचायत विजेथुआराजापुर व अमरेथूडडिया, विकास खण्ड लम्भुआ की ग्राम पंचायत गारवपुर के ग्राम पंचायत सचिवों का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित करते हुए एवं विकास खण्ड प्रतापपुर कमैंचा की ग्राम पंचायत रामपुर के सचिव धर्मेन्द्र कुमार ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित करने का निर्देश दिये गये।
सीडीओ ने इज्जत घर निर्माण में सहयोग न करने के कारण विकास खण्ड लम्भुआ की ग्राम पंचायत गारवपुर व शिवगढ़, विकास खण्ड कादीपुर की ग्राम पंचायत अमरेथूडडिया, विरईपुरभटपुरा, विकास खण्ड प्रतापपुरकमैंचा की ग्राम पंचायत रामपुर, विकास खण्ड दोस्तपुर की पंचायत भीलपुर, धर्मापुर के ग्राम प्रधानों के विरूद्ध पंचायतीराज अधिनियम 1947 के अन्तर्गत 95(जी) की प्रारम्भिक नोटिस निर्गत करने का निर्देश दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने इस महत्वपूर्ण बैठक में विकास खण्ड अखण्डनगर के ग्राम प्रधानों की उपस्थिति न होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए खण्ड विकास अधिकारी/सहायक विकास अधिकारी(पं0) अखण्डनगर को निर्देशित किया कि अगली बैठक में समस्त ग्राम प्रधानों की उपस्थिति सुनिश्चित करायें। उन्होंने बैठक के अन्त में समस्त ग्राम सचिवों एवं ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि प्रत्येक स्थिति में एलओबी के अन्तर्गत चयनित लाभार्थियों के इज्जत घरों का निर्माण 15 जून से पूर्व सुनिश्चित किया जाये। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही/शिथिलता अब बर्दाशत नही की जायेगी।
इस समीक्षा बैठक में परियोजना निदेशक (डीआरडीए) एस0के0 द्विवेदी, जिला पंचायत राज अधिकारी, डॉ0 गिरीश चन्द्र साहू, खण्ड विकास अधिकारी पीपी कमैचा सहित समस्त एडीओ पंचायत आदि उपस्थित रहे।
Leave a Reply