By UPENDRA KUSHWAHA –
पडरौना,कुशीनगर : जिले के रामकोला क्षेत्र के कुसम्ही गांव के एक खेत से मिट्टी की खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से श्रीगणेश की प्रतिमा व शिवलिंग निकला है। मल्ल राजा रहे मदनपाल सिंह के गांव में मूर्ति व शिवलिंग निकलने की जानकारी मिलने के बाद आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और वहीं पूजा-पाठ शुरू हो गया। मौके पर पुलिस व राजस्व विभाग के लोग भी पहुंच गए। एसडीएम कप्तानगंज त्रिभुवन ने मूर्ति को गांव के काली मंदिर में रखवाने का निर्देश दिया।
कुसम्ही गांव के तरवेज आलम के खेत में सोमवार को मिट्टी निकाले जाने का काम चल रहा था। इसी बीच मिट्टी निकाल रहे जेसीबी चालक को किसी भारी चीज से उसकी जेसीबी के टकराने की आवाज आयी। सभी ने नजदीक जाकर देखा तो जमीन के अंदर एक बड़ा से पत्थर दिखा। वहां खुदाई की गयी तो जमीन के भीतर से एक गणेश भगवान की मूर्ति और एक शिवलिंग निकला। खुदाई के दौरान गणेश की मूर्ति थोड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी थी। खेत में जमीन के भीतर मूर्ति और शिवलिंग देख मिट्टी निकाल रहे लोग वहां से भाग खड़े हुए।
मंगलवार की सुबह जब गांव के लोग खेतों की तरफ गये तो वहां खेत में पड़ी मूर्ति दिखाई दी। धीरे-धीरे बात गांव में पहुंची और गांव के लोग खेतों की तरफ निकल पड़े। थोड़ी देर में बगल के गांव इंद्रसेनवा, पकड़ी बांगर, रामकोला, अमडरिया के लोग भी पहुंच गये और पूजा-पाठ शुरू कर दिये। मामले की जानकरी किसी ने एसडीएम त्रिभुवन को दी तो उन्होंने रामकोला एसओ अनिल कुमार को मौके पर भेज दिया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम ने गांव वालों की मर्जी से मूर्ति और शिवलिंग को गांव के काली मंदिर पर रखवाने का निर्देश दिया।
Leave a Reply