लखनऊ । UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बकरीद त्योहार के मद्देनजर प्रदेश भर के अधिकारियों को विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। सीएम योगी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कहीं पर भी जानवर खुले में न काटे जाएं और ना ही कहीं मांस के टुकड़ों या खून को नालियों में बहाया जाए। इस निर्देश के पीछे सांप्रदायकि सौहार्द को बनाए रखने का मकसद बताया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिलों में बिजली और पानी की सप्लाई दुरुस्त रहे और कानून व्यवस्था को भी दुरुस्त रखा जाए। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि जानवरों को खुले में न काटा जाए।
मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी राजीव शर्मा ने कहा, श्हम पूरी कोशिश करेंगे कि मुख्यमंत्री के आदेश को लागू किया जाए। हमने जिले के विभिन्न अधिकारियों के साथ मीटिंग की है। सोमवार को अधिकारियों के साथ-साथ दोनों समुदायों के वरिष्ठ लोगों के साथ मीटिंग की जाएगी।
सीएम योगी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि जिन जिलों में कांवड़ यात्रा निकल रही है, वहां विशेष ध्यान दिया जाए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, सीएम का आदेश है कि राज्य भर में बकरीद पारंपरिक रूप से ही मनाई जाएगी लेकिन कहीं भी खुले में जानवरों की बलि चढ़ाने की अनुमति नहीं होगी। बता दें कि देशभर में 22 अगस्त को बकरीद का त्योहार मनाया जाएगा।
सीएम योगी ने निर्देश देते हुए कहा कि बकरीद के मौके पर नमाज के दौरान और मन्दिरों में पूजा-अर्चना के समय सतर्क दृष्टि रखी जाए। योगी ने कहा कि प्रतिबन्धित पशुओं या गोवंशी पशुओं की कुर्बानी के सम्बन्ध में विशेष सतर्कता बरतते हुए इन्हें रोका जाए, ताकि किसी भी तरह से कोई अप्रिय घटना ना घट सके।
Leave a Reply