कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन में कुशीनगर के देबी मंदिरों में रहा सन्नाटा,लोगों ने अपने घरों में किया पूजन-अर्चन

[object Promise]
पडरौना,कुशीनगर : रामनवमी के दिन जिले के कई प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगता था कोरोना महामारी के चलते हुए लॉकडाउन में वहां गुरूवार को सन्नाटा पसरा रहा। लोगों ने अपने घरों में ही पूजन-अर्चन किया। यहां तक कि नौ दिनों तक व्रत रहने वाले श्रद्धालु पुरोहितों द्वारा मोबाइल से किए गए मंत्रोच्चारण के बीच हवन करने के बाद पारन किए।
कुबेरस्थान क्षेत्र के तमाम मंदिरों में कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन एवं प्रशासन के सख्त रवैया के कारण सभी मंदिरों में सन्नाटे छाए रहे । क्षेत्र के प्रमुख प्राचीन शक्तिपीठ मां खन्हवार देवी मंदिर, सुप्रसिद्ध शिव शक्ति धाम कुबेरनाथ, जलपा माई स्थान भूपसागर, हनुमान मंदिर कोहरवलिया एवं अमवा बुजुर्ग दुर्गा मंदिर सहित सभी मंदिरों में सन्नाटा छाया रहा।
शक्तिपीठ खन्हवार पर अष्टमी की रात हजारों श्रद्धालु निशा पूजन में शामिल होते थे एवं नवमी के दिन वृहद मेले का आयोजन होता था। इसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज सहित बिहार एवं नेपाल से भी आते थे। परंतु महामारी के चलते इस बार बुधवार की रात मंदिर के मुख्य पुजारी गिरीश चंद पाण्डेय मंदिर के अन्य सहयोगी पुजारियों के साथ मंदिर का मुख्य द्वार बाहर से बंद कर अंदर ही निशा पूजन के कार्यक्रम को संपन्न किए।
इसी तरह छितौनी क्षेत्र में भी कोरोना महामारी के चलते लोगों ने रामनवमी घरों में ही मनाई। लॉकडाउन में यूपी सीमा से सटे मदनपुर देवी स्थान पर श्रद्धालुओं को अपनी मनौती चढ़ाने की जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिली। लोग घर से बाहर नहीं निकले और महिलाओं ने घरों में ही पूजा पाठ कर देवी देवताओं से जल्द से जल्द कोरोना जैसी घातक बीमारी को समाप्त करने की मिन्नतें मांगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *