लखनऊ।जैसे जैसे कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट आ रही हैं वैसे वैसे पॉजिटिव मरीज बढ़ते जा रहे हैं। करीब 48 घंटे के कफ्र्यू और उसके बाद पूर्ण लॉक डाउन से गुजरने के बाद भी छावनी के तोपखाना बाजार से जुड़े आठ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। लगातार आ रही रिपोर्ट लोगों के पॉजीटिव पाए जाने के बाद इस हॉट स्पॉट इलाके के लोगों की मुश्किल बढऩे लगी हैं। फल विक्रेता के बाद सब्जी बेचने वाले का भाई संक्रमित निकला। दूध बेचने वाला पहले ही संक्रमित था। अब पान बेचने वाले एक व्यक्ति के भी कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हो गई।
ताजा रिपोर्ट में तीन पॉजिटिव मिले
दरअसल तोपखाना सैन्य इलाके का सबसे बड़ा सिविल एरिया है। इस जगह सैन्य कालोनियों में रहने वाले लोग खरीददारी करते हैं। जबकि सेना में तैनात जवान और उनका परिवार भी तोपखाना में किराए पर रहता है। तोपखाना की आबादी करीब चार हजार है। सबसे पहले यहां से तीन केस निकले थे। जिसमें घोसियाना निवासी व तोपखाना का फल विक्रेता जबकि दूसरा दूध व कंफेक्शनरी की दुकान चलाने वाला व्यापारी और तीसरा एक निजी कंपनी में काम करने वाला युवक था। व्यापारी का हाता रामदास में भी एक घर है। जबकि निजी कंपनी में काम करने वाले युवक की मां और दादी भी कोरोना पॉजीटिव मिली थी। मंगलवार को तोपखाना के 50 लोगों की जांच पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने करवायी थी। जिसकी रिपोर्ट गुरुवार को आयी तो उसमें तीन पॉजीटिव मिले।
नाका का बिरहाना बना 23वां हॉट स्पॉट, किया गया सील
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को एक और नया हॉट स्पॉट चिन्हित किया गया। नाका कोतवाली क्षेत्र स्थित बिरहाना में कोरोना संक्रमित मरीज के मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। संक्रमित मरीज के घर से करीब तीन सौ वर्ग मीटर दायरे में इलाके को सील कर दिया गया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था नवीन अरोड़ा के मुताबिक संक्रमित मरीज के मिलने के बाद पुलिस की ओर से रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गई है। नाका थाना क्षेत्र के बिरहाना क्षेत्र के एक कोरोना मरीज के मिलने से पुलिस टीम सक्रिय हो गई। इन्स्पेक्टर नाका सुजीत कुमार दुबे खुद मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील करवा दिया। बताया जा रहा है कि एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पूरे क्षेत्र को सेनेटाइज कर लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है।
नगर निगम इलाके में बेरिकेडिंग करा रहा था। बिरहाना इलाके को सील करने के साथ ही गुरुवार को राजधानी में कुल 23 हॉट स्पॉट हो गए। पुलिस, स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम की टीमें इलाके को सैनेटाइज करवा रही हैं। संक्रमित मरीज के संपर्क में कितने लोग आए हैं, इसके बारे में पुलिस की टीमें पता लगा रही हैं। गुरुवार दोपहर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिरहाना में जाकर लोगों के सैम्पल लिए। इनमें कई संदिग्ध भी शामिल हैं। महिलाओं ने भी अपने सैम्पल दिए हैं, जिनकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। पहुँचाई जाएगी आवश्यक वस्तुएं सील किए गए बिरहाना इलाके में लोगों के घर तक आवश्यक की सप्लाई की जाएगी। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने गुरुवार को नए हॉट स्पॉट में सभी प्रकार की आवश्यक वस्तुओं को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इलाके में सब्जी, राशन, दवा व फल समेत अन्य जरूरी वस्तुओं की सप्लाई करने के लिए कुछ कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। जिलाधिकारी ने आपातकाल में हेल्पलाइन नम्बर पर फोन कर मदद मांगने के लिए कहा है। इमरजेंसी में लोग 112 पर भी सहायता मांग सकते हैं।
लखनऊ में 186 हो गई पॉजिटिव मरीजों की संख्या
राजधानी लखनऊ में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 186 हो गई है। इसमें लखनऊ के 115 रोगी हैं। गुरुवार को आई रिपोर्ट के अनुसार चार नए मरीजों में कोराना वायरस का संक्रमण मिला है। इसमें तीन तोपखाना व एक कैसरबाग का बिरहना निवासी है।
जेसीपी ने गल्ला मंडी का किया औचक निरीक्षण
जॉइंट पुलिस कमिश्नर कानून व्यवस्था लखनऊ नवीन अरोड़ा ने गुरुवार को सीतापुर रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी का औचक निरीक्षण किया। भारी पुलिस बल के साथ गल्ला मंडी पहुंचे जेसीपी नवीन अरोड़ा ने वहां तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। जेसीपी के औचक निरीक्षण की सूचना मिलते ही मंडी में हलचल बढ़ गयी। बता दें कि गुरुवार सुबह ही यहां से एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें अवैध वसूली का आरोप लगाया गया था। पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय ने इस तरह की खबरों पर सख्त नाराजगी जताई है। सूत्रों के अनुसार वीडियो वायरल होने के बाद अब जिम्मेदारों कार कार्रवाई भी हो सकती है। मंडी में जेसीपी के सामने ही सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती दिखीं। जेसीपी ने पुलिस अधिकारियों को सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। नवीन अरोड़ा ने मंडी में बनाए गए कंटोल रूम का भी निरीक्षण किया। कहा कि मंडी में भीड़-भाड़ न जमा होने दें। लोगों को कोई असुविधा भी न हो, इसका बात का भी ख्याल रखा जाए।
हसनगंज में 13 व्यापारियों पर केस दर्ज, गिरफ्तार
हसनगंज थाना क्षेत्र में सामाजिक दूरी का पालन ना करने वाले 13 दुकानदारों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर हसनगंज अमरनाथ वर्मा ने बताया कि जेसीपी नवीन अरोड़ा के निर्देश पर डालीगंज बाजार में औचक निरीक्षण किया गया तो एक दर्जन से अधिक दुकानदार सरकार की गाइडलाइन का उल्लंघन करते मिले। इन सभी व्यापारियों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि इंस्पेक्टर हसनगंज क्षेत्र में अपनी टीम के साथ लगातार सक्रिय रहते हैं और वह खुद भी लोगों को माइक से एलाउंसमेंट करके सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। लगातार व्यापारियों को समझाया गया लेकिन लगातार यह व्यापारी सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा रहे थे जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।
बिना पास लिए वाहन लेकर निकले तो सीज होगी गाड़ी
राजधानी लखनऊ में लॉकडाउन का और सख्ती से पालन कराया जाएगा। यह निर्णय लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमितों की संख्या को देखते हुए लिया गया है। शुक्रवार से कोई भी गाड़ी सड़क पर बिना पास के नहीं चल सकेगी। यहां तक जो वाहन पर सफेद कागज लगाकर ‘कोविड 19’ लिखकर चल रहे हैं, वह भी मान्य नहीं होंगे। पुलिस कमिश्नर सुजीत कुमार पांडेय ने बताया कि सभी प्राइवेट चारपहिया वाहन भी बिना पास के नहीं चल सकेंगे। ऐसे लोगों को एडीएम के यहां से पास बनवाकर उसे विंड स्क्रीन पर चस्पा करना होगा। प्राइवेट व्यक्ति विशेष आकस्मिक स्थिति में ही निकल सकेंगे। दो पहिया वाहन पर भी बिना किसी आकस्मिक स्थिति में निकलने वालों पर कठोर कार्रवाई के साथ उनकी गाड़ी भी सीज की जाएगी। कॉमर्शियल वाहन से सवारी ले जाते पाए गए तो उन्हें भी सीज कर दिया जाएगा, जो व्यक्ति लाल पास धारक हैं। उन्हें सुबह 9:30 बजे तक और शाम 6:00 बजे के बाद ही छूट मिल सकेगी। जितने भी लोगों को पास दिया गया है या जिन्हें परिचय पत्र पर चलने की अनुमति प्रदान की गई है, वह भी इस समय का पालन करें। डिलीवरी ब्वॉय समेत अन्य शिफ्ट की ड्यूटी वालों को छोड़कर कोई भी सरकारी कार्य के अतिरिक्त रोड पर न निकलें।
आशियाना में पुलिसकर्मियों का सम्मान कर बांटी खाद्य सामग्री
आशियाना रेजिडेटंस एसोसिएशन द्वारा आपदा के समय अपने जीवन को जोखिम में डाल कर सेवा मे लगे आशियाना कोतवाली के समस्त अधिकारियों एंव कर्मचारियो का सम्मान उनको माल्यार्पण कर किया गया तथा उनकी इस गर्मी में ड्यूटी के समय की आवश्यकता को देखते हुए मिनरल वाटर बोतल तथा बिस्कुट की पेटिया उपलब्ध कराई गई। नियमों को दृष्टिगत रखते हुए सोशल डिसटेंश का पालन का पालन भी सुनिश्चित किया गया। एसोसिएशन के महासचिव आर के भाटिया ने अवगत कराया आशियाना कोतवाली प्रभारी संजय राय ने आशियाना कालोनी के निवासियों द्वारा आपदा प्रबंधन में शासकीय नियमों का पालन अच्छी तरह से किये जाने हेतु आभार व्यक्त किया। वहीं, कोरोना महामारी में अहम भूमिका निभा रहे वजीरगंज थाना के पुलिसकर्मियों को पवन कुमार ने गमछा देकर सम्मानित किया।
हजरतगंज में बेवजह घूम रही युवती पुलिसकर्मियों से भिड़ी
गौतालमपल्ली थाना क्षेत्र में युवतियों ने चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों से अभद्रता की थी। इस मामले को 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि हजरतगंज कोतवाली क्षेत्र में एक युवती बेवजह घूम रही थी। लड़की को जब ड्यूटी पर लगी महिला सिपाहियों ने रोका तो वह भड़क गई। इस दौरान वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने तस्वीरें खींचना शुरू की तो युवती भड़क गई और कहने लगी मेरी फोटो बड़ी बड़ी अख़बारों में लगाना। साथ ही ये भी डाल देना कि पुलिस वालों की क्रिमिनल गिरी यहाँ पर चल रही है। मौके पर मौजूद महिला थाना की इन्स्पेक्टर शारदा चौधरी ने बताया कि युवती के पास में कोई आईकार्ड या पास नहीं था। उससे सिपाहियों ने घूमने का कारण पूछा तो वह भड़क गई। हालांकि उसे घर भेज दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना था कि युवती ऑटो ढूंढ रही थी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में पता चला कि युवती एपी सेन रोड हुसैनगंज की रहने वाली है। जो बिना बताये घर से निकल आयी थी। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ्य चल रही है।
नंदी किराना स्टोर पर 25 हजार का जुर्माना
कालाबाजारी, जमाखोरी व मुनाफाखोरी पर रोकथाम के लिए निकले छापामार दस्तों ने गुरुवार को पांच दुकानदारों का चालान काटकर 45 हजार रुपए का जुर्माना ठोका। डीएसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि एलडीए कॉलोनी, पराग चौराहा के पास नंदी किराना स्टोर पर 25 हजार रुपए का चालान कटा। यहां पैकिंग पर ग्राहकों के लिए जरूरी जानकारी नदारद थी। वहीं कैम्पवेल रोड स्थित किशोरगंज स्थित राज डेरी व इशहाक दूध डेरी, न्यू हैदराबाद स्थित गणेश प्रोविजन स्टोर और आईटी चौराहा स्थित संगम दूध डेरी पर पांच-पांच हजार रुपए का जुर्माना ठोका गया। ये दुकानदार तराजू या इलेक्ट्रानिक तराजू का सत्यापन प्रमाणपत्र नहीं दिखा सके।
Leave a Reply