रिपोर्ट:सैय्यद मकसुदुल हसन
सुलतानपुर 04 जुलाई, जिलाधिकारी सी0 इन्दुमती की अध्यक्षता में शासन के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों (71-बिन्दु) एवं रू0 50 लाख से अधिक लागत से निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आज आयोजित की गयी। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि केन्द्र/प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं/निर्माण कार्यों मानक एवं गुणवत्तापूर्ण व समय से पूर्ण की जायें तथा जन कल्याणकारी कार्यक्रमों से पात्र व्यक्तियों को लाभांवित करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों/सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर डॉ0 रात्रि निवास करें तथा 102 व 108 एम्बुलेन्स (एएलएस) के गाड़ियों के ठहराव के लिये स्थान निश्चित होना चाहिये, जिसकी जॉच 03 सदस्यीय कमेटी गठित कर ली जाये। उन्होंने निर्देशित किया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (ग्रामीण) के अन्तर्गत मिजिल्स रूबेला टीकाकरण, जे0ई0 टीकाकरण आदि की उपब्धता सुनिश्चित कर लें और संस्थागत प्रसव व संभावित प्रसव के उपरान्त लाभार्थियों को लाभ प्रत्येक दशा में दिये जायें। उन्होंने निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र/सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को अबिलम्ब पूर्ण कर लिये जायें। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन के अन्तर्गत सबको शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हो और खराब हैण्डपम्प की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री एवं मा0 मुख्यमंत्री आवास सभी पात्र व्यक्तियों को प्राथमिकता पर उपलब्ध करा दिये जायें। मा0 मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना के अन्तर्गत चयनित हुये गांवों में कार्य अबिलम्ब करा लिये जायें। मा0 मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत जनपद में पात्र व्यक्तियों को इस योजना का लाभ अतिशीघ्र दिलाया जाये। उन्होंने कहा कि गांवों में यदि कहीं विद्युतीकरण नही हुआ है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर कराया जाये।

जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अन्तर्गत सभी पात्र ग्रामीणों को ई-पास मशीन के द्वारा खाद्यान उपलब्ध कराया जाये तथा जिन व्यक्तियों के राशन कार्ड नहीं बन पाये हैं उनके राशन कार्ड बनाये जायें, जिन कार्डों में कमियां हैं उसे यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाये। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि अभी तक जनपद में 92.7 प्रतिशत बच्चों को ही निःशुल्क पाठ्य पुस्तक, ड्रेस, जूता-मोजा आदि वितरित किया गया है, सभी बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तक, ड्रेस व जूता-मोजा अतिशीघ्र उपलब्ध करा दिये जायें। उन्होंने मिड्-डे-मील की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को भोजन की गुणवत्ता ठीक होनी चाहिये, जिसमें तेल, मसाला, खाद्य पदार्थ, फल, शुद्ध पेयजल आदि की गुणवत्ता की भी समय-समय पर एक गठित कमेटी द्वारा जॉच होनी चाहिये। उन्होंने कहा कि रसोईयों का वेतन भुगतान अवशेष नही होना चाहिये, यदि अवशेष हो तो उनका भुगतान अतिशीघ्र कर दिये जायें। उन्होंने सेतु निगम के अधिशाषी अभियन्ता को निर्देशित किया कि जनपद में 02 निर्माणाधीन सेतु को अबिलम्ब पूर्ण करा लिये जायें। उन्होंने विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्था को दिये।
बैठक में डीएम ने बताया कि जनपद में 37 लाख 60 हजार 308 वृक्ष लगना है, जिसमें उद्यान विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, पंचायती राज विभाग, सिंचाई विभाग, लो0नि0वि0 आदि विभागों में वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 15 जुलाई तक सभी विभाग निश्चित स्थानों पर गड्ढ़ा खुदवालें और 15 अगस्त को एक साथ पूरे जनपद में वृक्षारोपण का कार्यक्रम सम्पन्न होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि फसल ऋण मोचन के अन्तर्गत सभी पात्र किसानों को फसल ऋण मोचन का लाभ अबिलम्ब दिलाया जाये। फसल बीमा योजना के अन्तर्गत सभी किसानों का बीमा कराया जाये, जिससे उनकों फसल बीमा का लाभ समय से उन्हें मिल सके। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पन्नालाल ने करते हुए विभिन्न विभागों के लक्ष्यों एवं पूर्ति तथा प्राप्त आवंटन व व्यय सम्बन्धी जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 सीबीएन त्रिपाठी, डीएफओ आनन्देश्वर प्रसाद, जिला विकास अधिकारी डॉ0 डी0आर0विश्वकर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एस0के0 देव पाण्डेय, डीसी(मनरेगा) विनय कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद कुमार राय, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी चन्द्रेश त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर0बी0सिंह, जिला कृषि अधिकारी विनय वर्मा, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी आर0के0 राव, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत यादुवेन्द्र यादव, अधिशाषी अभियन्ता लो0नि0वि0, अधिशाषी अभियन्ता सिंचाई, अधिशाषी अभियन्ता जल निगम, अधिशाषी अभियन्ता सेतु निगम आदि उपस्थित रहे।
Leave a Reply