कुशीनगर में यूएनपीजी कालेज पडरौना के छात्रसंघ चुनाव न कराने के निर्णय के खिलाफ फूंका पुतला

कुशीनगर में यूएनपीजी कालेज पडरौना के छात्रसंघ चुनाव न कराने के निर्णय के खिलाफ फूंका पुतला
रिपोर्ट उपेंद्र कुशवाहा
पडरौना,कुशीनगर : राजनीति की पाठशाला कहे जाने वाले छात्रसंघ चुनाव पर एक बार फिर ग्रहण लगता दिख रहा है। शैक्षणिक माहौल को लेकर विश्वविद्यालय द्वारा चुनाव नहीं कराने के स्पष्ट संकेत दिए जाने से यहां पडरौना में छात्रनेताओं में उबाल आ गया है। सोमवार को यूएनपीजी कालेज पडरौना के छात्रनेताओं ने गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रनेताओं का कहना था कि अगर शीघ्र छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किया गया तो वे वृहद आंदोलन शुरू करेंगे।
सोमवार को पडरौना के यूएनपीजी कालेज के छात्रनेता कालेज परिसर में एकत्र होने लगे। जैसे उन्हें जानकारी हुई कि दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में इस सत्र में छात्रसंघ चुनाव नहीं कराने का निर्णय लिया गया है तो छात्रनेताओं ने बैठक कर नाराजगी जताई। इसके बाद छात्रनेता कुलपति प्रो. वीके सिंह का प्रतीकात्मक पुतला हाथों में लेकर नारेबाजी करते हुए शहर में निकल गए। शहर के सुभाष चौक पर छात्रनेताओं ने कुलपति का पुतला फूंककर विरोध जताया।
छात्रसंघ अध्यक्ष राजन सोनी ने कहा कि देश के तमाम ऐसे शीर्ष नेता हैं, जो छात्रसंघ राजनीति से निकलकर सक्रिय राजनीति में शामिल हुए हैं। ऐसे में छात्रसंघ पर रोक लगाना कहीं से भी उचित नहीं है। विश्वविद्यालय प्रशासन अगर शीघ्र चुनाव बहाल नहीं करता है तो छात्रनेता वृहद आंदोलन करेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *