उपेंद्र कुशवाहा
पडरौना,कुशीनगर : होली के दिन झगड़े में साथ न देने पर नाराज एक अधेड़ ने अपने ही भतीजे की चाकू मारकर कर हत्या कर दी। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक,एडिशनल एसपी,सीओ, एसडीएम सहित कप्तानगंज पुलिस पहुंच गई। हत्यारोपी को पुलिस ने चाकू सहित अरेस्ट कर अगले दिन मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
कप्तानगंज थानाक्षेत्र के बेलवा उर्फ़ बेलवनिया निवासी बेचन प्रसाद पुत्र रघुबर (उम्र 50 वर्ष) का गांव के किसी व्यक्ति से विवाद हो गया था। बेचन घर आकर अपने भतीजे अनिल प्रसाद से झगड़े के लिए चलने को कहने लगा। भतीजा तैयार नहीं हुआ तो वह नाराज़ होकर भला बुरा कहने लगा। भतीजे ने विरोध जताया तो बेचन आग बबूला हो गया। वह घर के अंदर से चाकू लेकर आया। अनिल के सीने और पेट पर चार पांच वार कर दिए। अनिल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर एसपी विनोद कुमार, एडिशनल एसपी अयोध्या प्रसाद सिंह, एसडीएम अरविंद कुमार,सीओ नितेश प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र कुमार राय, अजय कुमार सिंह, महेंद्र यादव सहित भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। हत्यारोपी बेचन और उसके दोनों बेटे दुर्गेश और मुकेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Leave a Reply