पडरौना,कुशीनगर : एयरपोर्ट पर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के स्वागत में रामकोला के भाजपा विधायक रामानंद बौद्ध वहां पहुंच गए। प्रधानमंत्री के खिलाफ पूर्व में विधायक द्वारा की गई टिप्पणी से नाराज भाजपा व हियुवा कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। वापस जाओ के नारे के साथ कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर विधायक को आगे बढ़ने नहीं दे रहे थे। स्थिति को भांपकर डीएम ने विधायक को पुलिस की सुरक्षा के बीच एयरपोर्ट सीमा से बाहर पहुंचवाया।
सोमवार को दो बजे के करीब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर सांसद विजय दूबे, कुशीनगर विधायक रजनीकांत त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में भाजपा व हियुवा के कार्यकर्ता मौजूद थे। डीएम डा. अनिल कुमार सिंह, एसपी राजीव नारायण मिश्र जिला प्रशासन की कमान सम्भाले थे। इसी दौरान भाजपा विधायक रामानंद बौद्ध की गाड़ी एयरपोर्ट पर पहुंची।
विधायक के गाड़ी से उतरते ही भाजपा कार्यकर्ता उग्र हो गए और नारेबाजी करने लगे। जमकर हुई नारेबाजी के दौरान आपत्तिजनक नारे भी लगे। स्थिति गम्भीर होता देख डीएम ने भाजपा विधायक को तत्काल सुरक्षा घेरे में लेने को कहा। विधायक को सुरक्षा प्रदान कर पुलिस ने उनको एयरपोर्ट से बाहर पहुंचाया।
मैं डिप्टी सीएम की कोर कमेटी का सदस्य हूं। जिले में डिप्टी सीएम के आने पर दलीय भावना से उपर उठकर स्वागत को पहुंचा था। रामकोला से विधायक के टिकट के एक दावेदार ने जान-बूझकर विरोध कराते हुए हूटिंग कराई। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री से करूंगा।
” रामानंद बौद्ध,रामकोला विधायक “
Leave a Reply