कुशीनगर में ऑनर किलिंग का प्रयास-युवक को जिंदा जलाया,स्थिति गंभीर

कुशीनगर में ऑनर किलिंग का प्रयास-युवक को जिंदा जलाया,स्थिति गंभीर
पडरौना,कुशीनगर। कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाने के गांव बसडीला के टोला वृत्ति में आनर किलिंग का मामला सामने आया है। बुधवार की देर रात युवती के परिजनों ने 22 वर्षीय प्रेमी युवक काे मिट्टी तेल डाल जिंदा जलाने का प्रयास किया। युवक किसी तरह उनके चंगुल से निकल कर भागते हुए कुछ देर खेत में जा गिरा। चीख सुन ग्रामीण दौड़ पड़े। मिट्टी डाल किसी तरह आग बुझाई और जिला अस्पताल भेजा। परिजन भी पहुंचे और हालत नाजुक देख गोरखपुर मेडिकल कालेज लेकर गए। मेडिकल कालेज में उसकी स्थिति गंभीर है।
नेबुआ नौरंगिया थाने के गांव ग्राम कुकरहवां निवासी पंकज गुप्ता की बगल के ही गांव बसडीला की गैर बिरादरी युवती से प्रेम संबंध चल रहा था। लड़की के परिजनों को यह बात नागवार लगती थी। ऐसे में जान से मारने की ठानी। पूरी तैयारी के साथ प्रेमी के परिचित दो युवकों को देर रात उसके घर भेजा और कहलवाया कि युवती ने मिलने के लिए बुलाया है। युवक, युवती के गांव के समीप पहुंचा ही था कि परिजनों ने अपने कुछ सहयोगियों संग मिलकर घेर लिया और पिटाई करने के बाद शरीर पर मिट्टी तेल डाल आग लगा दी।
पुलिस को तहरीर का इंतजार
एसपी राजीव नारायएण मिश्र ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह ऑनर किलिंग के प्रयास का ही मामला लग रहा है। दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आ रही है। परिजनों द्वारा तहरीर देने व आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही सच सामने आ पाएगा। लड़की के परिजन घर छोड़कर फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। गंभीर मामला है, कठोर कार्रवाई होगी।
सब सो रहे थे तब बुलाकर ले गए बेटे को
लड़के के पिता ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि हम लोग सो रहे थे, तभी उसे बुलाकर ले गए। लड़की से मिलने की बात कह बुलाया गया था और जान लेने की कोशिश की गई। हम घटना के बाद जान सके।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *