[object Promise]
उपेन्द्र कुशवाहा
पडरौना,कुशीनगर : उदित नारायण स्नातकोत्तर महाविद्यालय पडरौना के छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना बीते शुक्रवार को ही जारी हो गई थी।
हालांकि गत दिन रविवार से नामांकन भी शुरू हो गया था, लेकिन अभी तक मतदाता सूची का प्रकाशन तक नहीं हो सका है। सूची का प्रकाशन न होने से चुनाव मैदान में उतरे छात्र नेताओं के सामने कई तरह की दिक्कतें पेश आ रही हैं। बावजूद इसके महाविद्यालय प्रशासन निष्पक्ष चुनाव कराने का दावा कर रहा है।
मालूम हो कि लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के अनुपालन में अन्य महाविद्यालयों की भांति कुशीनगर जनपद के उदित नारायण स्नातकोत्तर महाविद्यालय पडरौना में भी छात्रसंघ चुनाव का बिगुल फूंका जा चुका है। जानकारों के मुताबिक,चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले मतदाता सूची का प्रकाशन हो जाना चाहिए लेकिन विद्यालय प्रशासन ने ऐसा करना जरूरी नहीं समझा।
सीधे बीते शुक्रवार को ही अधिसूचना जारी कर दी गई और रविवार से नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई, लेकिन मतदाता सूची का प्रकाशन अब तक नहीं हो सका है। वोटर लिस्ट चस्पा नहीं होने से छात्र नेता निष्पक्ष चुनाव को लेकर सशंकित हैं। छात्रनेताओं ने डीएम कुशीनगर से मतदाता सूची प्रकाशन कराने की गुहार लगाई है।
इस बाबत महाविद्यालय के प्राचार्य अशोक सिंह का कहना है कि छात्रसंघ का चुनाव अन्य चुनावों से भिन्न होता है। सूची प्रकाशन के सम्बंध में कोई स्पष्ट निर्देश नहीं है। विश्वविद्यालय की तरफ से भी कोई निर्देश नहीं जारी किया गया है। इसलिए महाविद्यालय में चली आ रही परम्परा के अनुरूप चुनाव कराया जा रहा है।
Leave a Reply