[object Promise]
उपेन्द्र कुशवाहा
पडरौना,कुशीनगर : जिले के खड्डा क्षेत्र के छितौनी बांध के समीप बड़ी गंडक नदी में मंगलवार को हुए नाव हादसे में लापता मदनपुर सुकरौली निवासी किसान विजय बहादुर सिंह का 36 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका। पुलिस गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से छितौनी-बगहा रेल पुल तक उसकी तलाश में रेस्क्यू कर रही है। खड्डा एसडीएम अरविन्द कुमार ने लापता विजय बहादुर की तलाश के लिए बिहार प्रशासन से भी सहयोग मांगा है। दूसरी ओर नाव हादसे में डूबकर मरे किसान रामदरश के शव का पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को बड़ी गंडक तट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
खड्डा क्षेत्र के मदनपुर सुकरौली व गैनही जंगल के किसानों की नाव नदी पार खेती के काम से जाते हुए गंडक की धारा में पलट गई थी। एक नाव पर गैनही जंगल निवासी रामदरश यादव व मदनपुर सुकरौली के नत्थू, विजय बहादुर सिंह, कोलाई व संतोष सहित पांच लोग सवार थे। जबकि दूसरी नाव पर पिता-पुत्र रम्मन व नागेश्वर सवार थे। दोनों डूबते हुए नदी के किनारे सुरक्षित पहुंच गये, जबकि गैनही जंगल निवासी रामदरश की लाश मिली थी। पानी की धारा में बह रहे नत्थू, संतोष व कोलाई को बड़ी नाव पर सवार लोगों ने कड़ी मशक्कत कर बचा लिया गया था। इसमें से मदनपुर सुकरौली निवासी विजय बहादुर सिंह लापता हो गया।
मंगलवार को ही लापता विजय बहादुर सिंह की तलाश में एसडीएम अरविंद कुमार गोताखोरो के साथ नाव पर सवार होकर घंटों नदी में तलाश की। लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चलने पर तलाशी अभियान रोक दी गई। बुधवार की सुबह खड्डा एसओ अनुज कुमार सिंह, हनुमानगंज एसओ बृजेश मिश्रा, विजय बहादुर के परिवारीजन व ग्रामीणों के साथ गोताखोरों को लेकर कोटवा टोला, हनुमानगंज, भगवानपुर, वीरभार ठोकर, छितौनी-बगहा रेल पुल के नीचे उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन 36 घंटे बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
‘‘ग्रामीणों व गोताखोरों के साथ पुलिस एवं प्रशासन की टीम लापता किसान की तलाश में जुटी हुई है। पड़ोसी प्रांत बिहार के बगहा पुलिस की भी मदद मांगी गई है।’’
अरविन्द कुमार, एसडीएम-खड्डा
Leave a Reply