[object Promise]
कुशीनगर : जिले के खड्डा कस्बे में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में पंखा चेक कर रहे दुकानदार की शुक्रवार की देर शाम करंट लगने से मौत हो गई। करंट लगने के बाद गंभीर हालत में लोगों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तुर्कहां में भर्ती कराया था,लेकिन अस्पताल में पहुंचते ही डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खड्डा कस्बे के गांधीनगर मोहल्ला निवासी रामजनम राय का बड़ा बेटा मुकेश कुमार राय (25 वर्ष) कस्बे के हनुमान मंदिर कटरा में अपनी इलेक्ट्रानिक्स की दुकान चलाता था। शुक्रवार की देर शाम वह दुकान में पंखा चेक कर रहा था कि इसी दौरान पंखे में अचानक करंट उतर गया। करंट की चपेट में आने से कुछ देर तक वह पंखे से चिपका रहा।
उस रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर ने मुकेश को पंखे से सटकर कांपता देख शोर मचाया। शोर सुनकर मौके पर जुटे लोगों ने प्लग से तार निकाल उसे किसी तरह पंखे से अलग किया। तब तक उसकी हालत गंभीर हो गई थी। यह देख लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तुर्कहां ले गये, लेकिन वहां पहुंचते ही डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के चलते परिवार में कोहराम मच गया है। मुकेश ही घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। अभी फरवरी माह में ही उसने चार बहनों में से एक बहन की शादी की थी। उसके छोटे भाई अभिषेक व छोटी बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।
Leave a Reply