[object Promise]
पडरौना,कुशीनगर : बंद रेलवे ढाले को खुलवाने की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने कप्तानगंज से थावे जा रही मालगाड़ी को आधे घंटे तक रोके रखा। कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर कठकुइयां रेलवे स्टेशन के पास रेल मार्ग के निर्माण समय से चल रहे शिवराजपुर रेलवे ढाले को रेल मार्ग के बड़ी लाइन में परिवर्तित होने के करीब एक साल बाद बंद कर दिया गया। इस रेलवे ढाले से दर्जनों गांवों के लोगों का आना-जाना रहता है। रेलवे ढाला बंद किये जाने के बदले रेल विभाग द्वारा बनवाया गया संपर्क मार्ग कुछ ही दिनों में टूट गया।
ऐसे में आवागमन के लिए दर्जनों गांवों के लोगों के सामने दिक्कत खड़ी हो गयी है। ग्रामीण पहले भी बंद रेलवे ढाले को खुलवाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन करने के साथ ज्ञापन सौंप चुके हैं। इसके बाद भी उनकी मांग को गंभीरता से नहीं लिया तो शुक्रवार को लोग आक्रोशित होकर रेलवे पटरी पर धरने पर बैठ गए।
इस दौरान कप्तानगंज से थावे जा रही मालगाड़ी को करीब आधे घंटे तक रोके रखा। बाद में धरना स्थल पर एएसपी गौरव बंशवाल के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स एवं आरपीएफ के जवान पहुंच गए। एएसपी को ज्ञापन सौंपने के बाद धरना समाप्त हुआ।
Leave a Reply