उपेन्द्र कुशवाहा
पडरौना,कुशीनगर : जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला और उसके कथित सहयोगी को पेड़ में बांधकर कुछ लोगों द्वारा पीटे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस महिला और उसके कथित सहयोगी को अपनी अभिरक्षा में लेकर थाने ले गयी।
दूसरी ओर दोनों को पेड़ में बांधकर पीटे जाने से संबंधित वीडियो भी वायरल हो गया है। इस 37 सेकेंड के वीडियों में दोनों एक पेड़ में रस्सी से बंधे हैं और लोग दोनों की पिटाई कर रही हैं। कुछ लोगों का आरोप है कि दोनों शराब के साथ पकड़े गये, जबकि दोनों के बीच रिश्ते को लेकर भी चर्चाएं जोरों पर हैं।
मंगलवार की शाम रामकोला पुलिस को सूचना मिली कि कच्ची शराब के कारोबार में लिप्त एक महिला और उसके सहयोगी को एक गैलन शराब के साथ पकड़ा गया है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कुछ ग्रामीण दोनों को पेड़ में बांधकर उन्हें घेरे हुए थे। पुलिस दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराते हुए अपनी अभिरक्षा में रामकोला थाने ले गयी। दूसरी ओर जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें महिला और उसके कथित सहयोगी को पेड़ में रस्सी से बांधकर पीटा जा रहा है।
Leave a Reply