यह धमकी एक अज्ञात शख्स ने पत्र के जरिए दी है. इसमें कहा गया है कि मंदिर में मार्च 2006 से भी बड़ा धमाका किया जाएगा. यह पत्र मंदिर के महंत प्रफेसर विश्वंभरनाथ मिश्र को भेजा गया है. पत्र मिलने के बाद उसे भेजने वाले जमादार मियां और अशोक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी गई है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आनंद कुलकर्णी ने बुधवार को बताया कि संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र ने मंगलवार की रात लंका थाने में तहरीर दी. उन्होंने पुलिस को बताया कि पत्र में लिखा था कि मंदिर में मार्च 2006 से बड़ा धमाका करेंगे.
इसके साथ ही यह भी कहा गया कि इस धमकी को मन्दिर प्रबंधन हल्के में न लें, यह चेतावनी है. महंत ने पत्र भेजने वाले जमादार मियां और अशोक यादव के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराया है. प्रो. मिश्र ने केंद्रीय गृह मंत्रालय, आईबी और एडीजी जोन को जानकारी दी.
2006 में सात लोगों की हुई थी मौत
सात मार्च, 2006 को दशाश्वमेध घाट संकट मोचन मंदिर और कैंट स्टेशन पर बम धमाका हुआ था. इसमें सात लोगों की मौत जबकि 100 से अधिक लोग गंभीर रुप से घायल हुए थे. यह बम धमाका देश के 10 बड़े आतंकी हमलों में से था.
इस सम्बन्ध में एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि तहकीकात में पता चला है कि प्रथम दृष्टया यह किसी की शरारत है, लेकिन इसे गंभीरता से लिया गया है. धमकी भरे पत्र में अशोक नाम के व्यक्ति का मोबाइल नम्बर पर है. इस सम्बन्ध में जांच पड़ताल की जा रही है. वहीं मन्दिर की सुरक्षा बढ़ाते हुए चिट्ठी भेजने वालों को चिह्नित कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
Leave a Reply