आॅल इंडिया कम्युनिटी हेल्थ वर्कर एसोसिएशन की बैठक में योगी सरकार से अपील

[object Promise]
जनस्वास्थ्य रक्षक बहाली की शासकीय प्रक्रिया में बाधा डालने वाले अवैध संगठनों पर कठोर कानूनी कार्यवाही करे सरकार : मनोज कुमार
लखनऊ ।आॅल इंडिया कम्युनिटी हेल्थ वर्कर एसोसिएशन के वर्षों के प्रयासों के बाद उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में सरकारी स्तर से जनस्वास्थ्य रक्षक बहाली पर ग्राउंड सर्वे का कार्य शुरू होना योगी सरकार की नीति और नियत का प्रमाण है। ऐसे समय में निहित स्वार्थाें से संचालित होने वाले संगठनों के स्तर से कभी मुख्यमंत्री आवास पर ज्ञापन देकर तो कभी अलग-अलग नामों से सचिवालय में प्रतिवेदन देने को, एसोसिएशन ने हजारों जनस्वास्थ्य रक्षकों की बहाली प्रक्रिया को बाधित करने वाला शरारतपूर्ण कदम बताते हुये प्रदेश सरकार से ऐसे छद्म संगठनों पर कठोरता से कार्यवाही करने की अपील की है।

एसोसिएशन के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रामशरण झा ने रविवार को प्रेसवार्ता में मौजूद पत्रकारों से बात करते हुए इस बाबत प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और परिवार कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी को पिछले दिनों भेजे गए अपने पत्र का हवाला दिया, जिसमें उत्तर प्रदेश में जनस्वास्थ्य रक्षक बहाली की निर्णायक प्रक्रिया को धक्का पहुंचाने वाले संगठनों पर कठोर कानूनी कार्यवाही की अपील प्रदेश शासन से की गई है।

एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव मनोज कुमार ने इस संबंध में संस्था की भावी रणनीति की जानकारी देते हुए प्रेसवार्ता में बताया कि अलग-अलग छद्म नामों से हजारों जनस्वास्थ्य रक्षकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले इन संगठनों के लोगों द्वारा पहले भी प्रदेश शासन की फजीहत करने के लिए फर्जी याचिकाओं का सहारा लिया गया था जो न्यायालय के स्तर से लगातार खारिज होती रही हैं। एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धनीराम सैनी के अनुसार 26 सितम्बर को एसोसिएशन की जिला इकाईयों के प्रमुख सदस्यों के साथ प्रांतीय एवं केन्द्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी राजधानी लखनऊ पहुंचकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और परिवार कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी से मिलकर इन अवैध संगठनों की गतिविधियों पर रोक लगाने से सम्बंधित ज्ञापन देंगे ।

सैनी ने यह भी बताया कि जनस्वास्थ्य रक्षक बहाली के पूरे अभियान को लगातार बहकाने और भटकाने वाले ऐसे अवैध संगठनों की साजिशों का खुलासा करने के लिए एसोसिएशन गम्भीरता से कार्य कर रही है और इस प्रक्रिया में एसोसिएशन अपनी रिट लेकर न्यायालय की शरण में भी जा चुकी है ।

एसोसिएशन के मंच से यह बात भी उठकर सामने आयी कि जहां एक ओर आॅल इण्डिया कम्युनिटी हेल्थ वर्कर एसोसिएशन की जिला इकाईयां सरकारी ग्राउंड सर्वे के कार्य में गति देने के लिए जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से मिलकर उन्हें जनस्वास्थ्य रक्षकों से जुड़ी आवश्यक सूचनाएं दे रही हैं वही इस समय ऐसे अवैध तत्व राजधानी लखनऊ में कभी संस्था का नाम बदल-बदल कर ज्ञापन दे रहे हैं तो कभी जनस्वास्थ्य रक्षकों को गुमराह करने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं ताकि योगी सरकार के स्तर से किये गये इस ऐतिहासिक फैसले में गतिरोध पैदा किया जा सके ।रविवार को आयोजित बैठक में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश शर्मा सहित रामदयाल कश्यप,सतवीर देवल, अरविंद वर्मा, चरण सिंह यादव, मुन्शी लाल तथा संजय कुमार आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *