पडरौना,कुशीनगर : जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मदनपुर सुकरौली के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहां भिजवाया जहां एक की हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
खड्डा क्षेत्र के ग्राम सिसवा गोपाल निवासी शंभू कुशवाहा गांव के ही दुर्गेश और दीनबंधु के साथ बाइक से भेड़यिारी निवासी एक व्यक्ति के यहां मकान की रंगाई करने जा रहा था। दूसरी ओर से महाराजगंज जिले के निचलौल निवासी संदीप भी तेज गति से बाइक लेकर मदनपुर की तरफ आ रहा था।
मदनपुर सुकरौली पुल के समीप दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई जिसमें दोनों बाइकों पर सवार चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। उधर से गुजर रहे लोगों ने चारों घायलों को सड़क किनारे पड़ा देख इसकी सूचना पुलिस को देते हुए एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तुर्कहा भिजवाया। जहां शंभू कुशवाहा की हालत नाजुक देख डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर ही चल रहा है।
Leave a Reply