लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां कहा कि उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ सार्वजनिक जीवन में सहभागी होने और संसद में कार्य करने का सौभाग्य मिला है। अटल जी ने आजाद भारत की सही मायनों में विकास की नींव रखी और उन्होंने एक कुशल शिल्पकार के रूप में कार्य किया। उनका मानना था कि देश के विकास का केन्द्र बिन्दु ग्रामीण भारत ही हो सकता है। उन्होंने अपने प्रधानमंत्रित्व कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को मूर्तरूप दिया, जिसके कारण देश की ग्रामीण आबादी को पक्के मार्गों से जोड़ा गया है। इसके अलावा, उनके द्वारा लागू की गई स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना ने भी देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुख्यमंत्री इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘अटल गीत गंगा’ समारोह को सम्बोधित रहे थे।
योगी ने कहा कि अटल जी ने अस्थिरता को स्थायित्व देते हुए देश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने का कार्य किया। उन्होंने राजनीति में भी स्थिरता प्रदान करते हुए कुशलता के साथ गठबन्धन की सरकार चलायी। मोबाइल, ऑप्टिकल फाइबर और गैस कनेक्शन को गांवों तक पहुंचाने का भी श्रेय अटल जी को जाता है। उन्होंने देश में आधारभूत ढांचे के विकास के लिए बहुआयामी कार्य किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में परमाणु शक्ति का परीक्षण कर अटल जी ने देश को परमाणु सम्पन्न राष्ट्र बनाया। इसके चलते भारत दुनिया की नजरों में एक स्वाभिमानी राष्ट्र के रूप में उभरा। कारगिल युद्ध के दौरान धैर्यपूर्वक ठोस कार्यवाही करते हुए अटल जी ने भारतीय क्षेत्र को मुक्त कराया। उनका पक्ष व विपक्ष सभी दलों के लोग सम्मान करते हैं। उन्होंने देश को विकास के हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास किया। वर्तमान में भी अटल जी के प्रति पूरे जनमानस में श्रद्धा व सम्मान का भाव बरकरार है।
योगी ने अटल जी को असाधारण प्रतिभा का धनी बताते हुए कहा कि अटल जी ने न सिर्फ लोगों को प्रेरणा देने का कार्य किया, बल्कि भारत के सामाजिक व राजनैतिक जीवन में सकारात्मक व रचनात्मक परिवर्तन की आधारशिला रखी। देश की संसदीय प्रणाली को समृद्ध बनाने में अटल जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अटल जी ने राष्ट्र के लिए सार्वजनिक जीवन में साधना का कार्य किया है। उन्होंने अटल जी के दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि अटल जी के भाषणों और कविताओं का सभी भाषाओं में अनुवाद होना चाहिए। ऐसे में अटल जी के साथ रहे डॉ0 एनएम घटाटे जी को ‘अटल सम्मान’ से सम्मानित किया जाना निश्चित रूप में प्रशंसनीय है।
समारोह के दौरान अभिनेता रवि किशन और राजपाल यादव द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं का वाचन किया गया। अटल सम्मान से सम्मानित डॉ0 एनएम घटाटे ने अटल जी से सम्बन्धित संस्मरणों की चर्चा की। समारोह के मौके पर अटल जी के जीवन दर्शन पर केन्द्रित ‘अटल चेतना’ स्मारिका का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के आयोजक दीप कमल फाउण्डेशन के अध्यक्ष अमरजीत मिश्र ने सभी अतिथियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
Leave a Reply