उत्तर प्रदेश की हमीरपुर विधानसभा सीट समेत छत्तसीगढ़ की दंतेवाड़ा, केरल की पाला और त्रिपुरा की बाधरघाट सीट पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। नतीजों की घोषणा 27 सितंबर को की जाएगी। वैसे तो वोटिंग तो चार सीटों पर हो रही है, लेकिन सबकी नजरें यूपी की हमीरपुर सीट पर है।
हमीरपुर में 9 प्रत्याशी मैदान में
हमीरपुर सीट बीजेपी विधायक अशोक कुमार सिंह चंदेल को हत्या के एक मामले में अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द होने के चलते रिक्त हुई है। इस उपचुनाव में कुल 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें बीजेपी के युवराज सिंह, कांग्रेस के हर दीपक निषाद, एसपी के मनोज कुमार प्रजापति, बीएसपी के नौशाद अली और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के आलम मंसूरी मुख्य रूप से शामिल हैं।
पाला सीट पर 13 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला
उधर, केरल के पाला विधानसभा सीट उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। यहां कुल 1,79,107 मतदाता हैं। 13 उम्मीदवार मैदान में हैं। पूर्व वित्त मंत्री और केरल कांग्रेस (एम) के नेता केएम मणि के निधन के कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।
दंतेवाड़ा सीट पर भी मतदान जारी
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र बस्तर के दंतेवाड़ा विधानसभा सीट पर मतदान जारी है। दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र किसी भी राजनीतिक दल का गढ़ नहीं रहा है। यही कारण है कि यहां दोनों दलों (बीजेपी और कांग्रेस) ने जोर लगाने में कसर नहीं छोड़ी है। दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में कुल 188,263 मतदाता हैं। क्षेत्र में मतदान के लिए 273 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। मतगणना 27 सितंबर को होगी।
बाधरघाट में इसलिए हो रहे उपचुनाव
त्रिपुरा की बाधरघाट सीट पर भी मतदान जारी है। यह मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। बता दें कि बीजेपी के विधायक रहे दिलीप सरकार के निधन होने के चलते यह सीट खाली हो गई थी।
Leave a Reply