मुंबई। महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए आज मतगणना जारी है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के जो रुझान नजर आ रहे हैं उससे एक बार फिर से बीजेपी और शिवसेना की सरकार बनती नजर आ रही है। लेकिन अभी तक के रुझानों से साफ है कि गठबंधन के बावजूद बीजेपी-शिवसेना को वैसी कामयाबी मिलती नहीं दिख रही है जैसी वे उम्मीद जता रहे थे।
महाराष्ट्र में 88 सीटों पर बीजेपी और शिवसेना का गठबंधन आगे चल रहा है, इनमें बीजेपी 50 और शिवसेना 38 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। जबकि कांग्रेस 24 और एनसीपी 29 सीटों आगे चल रही है। वहीं, 1 सीटों पर AIMIM और एक सीट पर राज ठाकरे की MNS आगे चल रही है।
चुनाव रुझानों से साफ है कि महाराष्ट्र में मजबूत विपक्ष की कमी का फायदा भाजपा-शिवसेना गठबंधन को मिल रहा है। महाराष्ट्र में बीजेपी-शिवसेना की एक बार फिर सरकार आने वाली है लेकिन मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर उद्धव ठाकरे ने अपने तेवर साफ कर दिए हैं।
चुनावी नतीजों में बहुमत मिलने के बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ किया कि सीएम को लेकर बीजेपी के साथ 50-50 फॉर्म्युले पर बात हुई थी और उनकी पार्टी इस पर नहीं झुकेगी। हां, हम गठबंधन जारी रखेंगे। हम 50-50 फार्मूले पर सहमत हुए थे।
‘बड़ा भाई-छोटा भाई का कोई फर्क नहीं’
उद्धव ने कहा कि जनादेश सबकी आंखें खोलने वाली है। उन्होंने इसके लिए महाराष्ट्र की जनता को शुक्रिया कहा। शिवसेना प्रमुख के तेवरों से स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में बीजेपी-शिवसेना में सीएम पद को लेकर जबरदस्त खींचतान देखने को मिल सकती है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उद्धव से पूछा गया कि क्या इस बार शिवसेना का सीएम होगा तो उन्होंने कहा- आपके मुंह में घी शक्कर। उद्धव ने कहा कि बड़ा भाई-छोटा भाई का कोई फर्क नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिवसेना 50-50 फॉर्म्युले पर नहीं झुकेगी और फॉर्म्युला तय होने के बाद ही सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।
Leave a Reply