मुंबई। महाराष्ट्र में उद्धव सरकार को आज विधानसभा में बहुमत परीक्षा पास करनी है। बहुमत परीक्षण से पहले कांग्रेस ने पेच फंसा दिया है। कांग्रेस ने ऐन मौके पर डिप्टी सीएम की मांग रख दी है। कांग्रेस चाहती है कि राज्य में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अलावा उनकी पार्टी का भी डिप्टी सीएम होना चाहिए। बहुमत परीक्षण से पहले शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे विधानभवन में शिवसेना-कांग्रेस और एनसीपी विधायकों की बैठक होगी। इसमें स्पीकर पद पर चर्चा की जाएगी। बैठक में कांग्रेस आज स्पीकर उम्मीदवार का नाम रखेगी। दरअसल, दोपहर 12 बजे तक स्पीकर पद के लिए नामांकन किया जाना है, रविवार को स्पीकर का चुनाव होगा।
अपडेट…-भाजपा सांसद प्रतापराव पाटिल चिखलीकर से आज सुबह मिलने पर अजीत पवार ने कहा कि यह सिर्फ एक शिष्टाचार मुलाकात थी। भले ही हम अलग-अलग पार्टियों से हों, हम सभी एक-दूसरे के साथ संबंध रखते हैं। फ्लोर टेस्ट पर कोई चर्चा नहीं हुई। जैसा कि संजय राउत ने कहा कि हमारा गठबंधन आज सदन में बहुमत साबित करेगा।
सूत्रों के अनुसार, डिप्टी सीएम और स्पीकर को लेकर कांग्रेस और एनसीपी में रस्साकशी चल रही है। कांग्रेस-एनसीपी दोनों ही पार्टियां स्पीकर का पद नहीं छोड़ना चाहती हैं। कांग्रेस ने NCP के सामने स्पीकर की पोस्ट छोड़ने के बदले दो डिप्टी सीएम के पदों का प्रस्ताव रख दिया है। सूत्रों के मुताबिक एनसीपी इस प्रस्ताव पर राजी नहीं है।
आपको बताते जाए कि उद्धव ठाकरे सरकार का पहला इम्तिहान आज है। शनिवार को महाराष्ट्र की विधानसभा में दोपहर दो बजे शक्ति परीक्षण होना है। शिवसेना का दावा है कि उसके पास 170 विधायकों का समर्थन है और सदन में वो आसानी से बहुमत साबित कर देगी। महाराष्ट्र में नई सरकार के पास 3 दिसंबर तक अपना बहुमत सिद्ध करने का समय है। इसके बाद यह स्पष्ट हो गया है कि शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस वाली सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी शनिवार को ही सदन के पटल पर अपना बहुमत सिद्ध करने की कोशिश करेगी।
Leave a Reply