Independence day: कल गांधी मैदान में दिखेगी बदलते बिहार की तश्वीर

[object Promise]

स्वतंत्रता दिवस पर गांधी मैदान में मुख्य झंडोतोलन होगा। इसके बाद विभिन्न विभागों की झांकियों में बदलते बिहार की झलक दिखाई जाएगी। एसकेएम के पास झांकियां बनाई जा रही हैं। झांकियों में प्रमुख रूप से जलवायु परिवर्तन होने से मानव जीवन और पशुओं पर पड़ने वाला प्रभाव दिखेगा। इसके अलावा मधुबनी पेंटिंग, राजगीर और नालंदा के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों को भी लोग देख सकेंगे। पटना में मेट्रो लोगों के लिए नई बात है इसीलिए इस बार नगर विकास विभाग ने झांकी के माध्यम से इसे प्रदर्शित करने का निर्णय लिया है।

मद्य निषेध उत्पाद व निबंधन विभाग द्वारा शराबबंदी, उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान द्वारा बिहार के उन्नत हस्तशिल्प, पर्यटन निदेशालय द्वारा विश्व शांति स्तूप राजगीर, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग द्वारा जलवायु परिवर्तन का पशुओं पर प्रभाव, कृषि विभाग द्वारा जल की प्रत्येक बूंद से अधिक उत्पादन, जीविका द्वारा सामाजिक मुद्दों पर संघर्षरत जीविका दीदी, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम द्वारा त्वरंत विधि व्यवस्था एवं अनुसंधान की विशेष पहल, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा उन्नयन बिहार, महिला विकास निगम द्वारा बाल विवाह एवं दहेज उन्मूलन, बिहार बिहार राज्य सहकारी बैंक द्वारा बिहार राज्य फसल सहायता योजना को केंद्र में रखते हुए सहकारिता विभाग में एमआईएस योजना, कला संस्कृति एवं युवा विभाग बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मृति स्तूप, राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा सीमित परिवार एवं खुशियां अपार, ऊर्जा विभाग (ब्रेडा) द्वारा सोलर पावर तथा पंचायती राज विभाग द्वारा डिजिटल पंचायत भवन विषय पर झांकी निकाली जाएगी। सुबह साढे नौ बजे सीएम झंडोतोलन करेंगे। उसके बाद कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। गांधी मैदान परेड में सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी (पुरुष), एसटीएफ, बीएमपी एक, बीएमपी (महिला), जिला शस्त्र बल (पुरुष-महिला), झारखंड शस्त्र पुलिस, गृह रक्षा वाहिनी (ग्रामीण-शहरी), एनसीसी आर्मी (ब्वायज-गर्ल्स), एनसीसी नेवी व एयरफोर्स विंग आदि शामिल होंगे।

खादी के झंडों की बिक्री पिछले साल से अधिक
आजादी के पर्व को खास बनाने के लिए खादी की दुकानों में झंड़ा की अधिक बिक्री हो रही है। कुर्ता पाजामा बंडी, शर्ट और 15 अगस्त पर झंडा अधिक बिक रहा है। बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के शोरूम के प्रबंधक रमेश चौधरी ने बताया कि मंगलवार तक दो लाख रुपये से अधिक के केवल खादी के झंडे बिक चुके हैं। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार खादी के राष्ट्रीय ध्वज को अधिक लोग खरीद रहे हैं। कीमत 700 से लेकर 2000 रुपये तक है। शोरूम में खादी के झंडा के अलावा गांधी टोपी, बंडी व पाजामा कुर्ता भी खूब बिक रहा है। गांधी टोपी 60 की है लेकिन छूट के बाद 48 रुपये में मिल रही है। खादी के अन्य वस्त्रों पर 20 फीसदी की छूट है। मौर्यालोक स्थित खादी ग्रामोद्योग आयोग के सूबे के एकमात्र शोरूम में भी खादी के झंडे की बिक्री बढ़ गई है। शोरूम के अनुसार पिछले वर्ष के तुलना में इस बार दोगुने से अधिक झंडे बिके हैं।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *