जयपुर. टिंडर एप के जरिए एक कारोबारी युवक को जाल में फंसाकर अपहरण करने और फिर हत्या केस में गिरफ्तार प्रिया सेठ और उसके दोनों साथियों को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया। ये तीनों पिछले 12 दिनों से झोटवाड़ा थाने में पुलिस रिमांड पर चल रहे थे। गत 4 मई को झोटवाड़ा थाना पुलिस ने आरोपी प्रिया सेठ, उसके ब्वॉयफ्रेंड दीक्षांत कामरा और साथी लक्ष्य वालिया को गिरफ्तार किया था।
-गौरतलब है कि प्रिया व दीक्षांत बजाज नगर में अनिता कॉलोनी स्थित ईडन गार्डन एनक्लेव में एक लक्जरी फ्लैट में पति पत्नी बनकर रह रहे थे। करीब तीन चार माह पहले प्रिया और झोटवाड़ा निवासी दुष्यंत शर्मा की टिंडर एप के जरिए पहचान हुई थी। आपसी चेटिंग के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरु हो गई।
– तब दुष्यंत ने अपनी पहचान छिपाकर खुद को दिल्ली का करोड़पति कारोबारी बताया। तब प्रिया सेठ ने अपने प्रेमी दीक्षांत कामरा का कर्ज उतारने के लिए दुष्यंत को फंसाने के लिए जाल में फंसाया। उसे फ्लैट पर बुलाकर प्रिया ने शारीरिक संबंध बनाए। वहीं छिपे उसके दोस्तों ने मोबाइल से एमएमएस बना लिया।
– फिर दुष्यंत को ब्लेकमेल कर प्रिया ने दुष्कर्म केस में फंसाकर 10 लाख रुपयों की मांग की। 2 मई की रात को दुष्यंत का अपहरण कर टॉर्चर किया। फिर उसके पिता से 10 लाख रुपए फिरौती की मांग की।
– तीन लाख दुष्यंत के अकाउंट में जमा होने पर प्रिया व उसके दोनों साथियों ने दुष्यंत की गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर चाकू से ताबड़ताेड़ वारकर चेहरा बिगाड़ दिया। इसके बाद लाश को एक सूटकेस में डालकर कार में रखा और आमेर इलाके में सड़क किनारे फेंक आए थे।
– वहीं, दुष्यंत के अपहरण का पता चलने पर तलाश में जुटी झोटवाड़ा थाना पुलिस ने 4 मई को प्रिया सेठ, दीक्षांत कामरा और लक्ष्य वालिया को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पहले 7 दिन और फिर कोर्ट से 5 दिन का रिमांड प्राप्त किया। आज रिमांड पूरा होने पर तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया था।
Leave a Reply