चंडीगढ़। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भाजपा की मनोहर लाल खट्टर की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि पांच साल में जिस सरकार ने हरियाणा को अपराध, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, नारी अत्याचार, अशिक्षा आदि में झोंक दिया है। उसकी हिम्मत देखिए हरियाणा की जनता के सामने नया धोखा पत्र सामने लेकर आई है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता खेड़ा ने आगे कहा कि हरियाणा का वोटर हिसाब मांग रहा है, जवाब मांग रहा है। जो नकल हमारे संकल्प पत्र की डीजाइन एवं शीर्षक में इन्होंने की, काश वो नकल पिछले पांच सालों में सरकार चलाने में भी कर ली होती तो हरियाणा का इतना बुरा हाल नहीं होता।
खट्टर सरकार को दिखाया आईना…
कांग्रेस नेता ने बताया कि बड़ी-बड़ी बातें की जा रही हैं, कहते हैं 2022 तक किसान की आय को दोगुना कर देंगे, पिछले पांच साल में जिन्होंने कृषि की वार्षिक विकास दर बढ़ोतरी को पांच प्रतिशत से घटा कर 2.5 प्रतिशत कर दिया, वे ऐसा वादा करने की हिम्मत भी कैसे करते हैं। अगर किसान की आय को 2022 तक दोगुना करना है तो कृषि विकास दर 10.4 प्रतिशत सालाना बढ़नी चाहिए। किसान आत्महत्याओं में पिछले पांच साल में 110 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
क्या कृषि मंत्री देंगे किसानों का जवाब…
कांग्रेस नेता खेड़ा ने आगे कहा कि किसानों की आत्महत्या का जवाब मैनीफैस्टों के चेयरमैन ओमप्रकाश धनखड़ जी देंगे जो कृषिमंत्री भी हैं और किसानों को कायर बताते हैं? ।
उन्होंने याद दिलाते हुए बताया कि 2015 में ये ही ओमप्रकाश धनखड़ थे जिन्होंने कहा था कि आत्महत्या करने वाले किसान कायर हैं। क्या हरियाणा का किसान भूल जाएगा कि अभी मई में मुख्ममंत्री मनोहरलाल खट्टर ने यहां तक कह डाला कि किसानों को ऋण माफी नहीं मिलनी चाहिए क्योंकि इससे वे मुफ्तखोर एवं कामचोर हो रहे हैं।
Leave a Reply