CORONAVIRUS : मुंबई-पुणे में बंद होंगे सार्वजनिक स्थल, भारत-द. अफ्रीका वनडे सीरीज रद्द

CORONAVIRUS : मुंबई-पुणे में बंद होंगे सार्वजनिक स्थल, भारत-द. अफ्रीका वनडे सीरीज रद्द

नई दिल्ली। कोरोना वायरस से देश में पहले व्यक्ति की कर्नाटक में मौत हो गई है। यह मौत कर्नाटक के कलबुर्गी में हुई है। मृतक की उम्र 76 साल बताई गई है। इसके बाद हड़कम्प मच गया है। मरीज सऊदी अरब से लौटा था। केरल और हरियाणा, दिल्ली के बाद उत्तर प्रदेश ने चौथा राज्य है जहां कोरोना को महामारी घोषित कर दिया गया है।

LIVE UPDATE :-

  • महाराष्ट्र सरकार ने कोरोनावायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते मुंबई, नवी-मुंबई, नागपुर, पुणे और ठाणे में सभी जिम, सिनेमा हॉल, स्विमिंग पूल जैसे सार्वजनिक स्थलों को बंद करने के निर्देश जारी किए हैं।

  • भारत और दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीमों के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज रद्द कर दी गई है। तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच धर्मशाला में खेला जाना था लेकिन बारिश के कारण यह मैच नहीं हो सका था। इसके बाद 15 मार्च को लखनऊ में दूसरा वनडे खेला जाना था। बीसीसीआई ने कहा था कि कोरोनावायरस के कारण यह मैच बंद दरवाजे में खेला जाएगा। कोलकाता में होने वाले अंतिम वनडे को लेकर स्थिति साफ नहीं थी लेकिन बीसीसीआई ने शुक्रवार को स्थिति साफ करते हुए कहा कि अब यह वनडे सीरीज नहीं खेली जाएगी।

  • भारत में भी कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक आज कोरोनावायरस के 5 और पॉजिटिव केस सामने आए हैं। अब देश में इसके 81 मामले हो गए हैं।

  • कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कोरोनावायरस को लेकर लोगों के बीच जागरूकता लाने के लिए सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में लोगों से अधिक सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने सुझाव दिया कि लोग कोरोनोवायरस के खिलाफ अधिक सावधानी बरतें।

वीडियो में उन्होंने कहा, कोरोनावायरस को डब्ल्यूएचओ ने महामारी घोषित कर दिया है। इसका मतलब है कि हम सबको बहुत सावधान और सतर्क रहना होगा। अगर आपको इस बीमारी के लक्षण महसूस हों तो जरूर किसी डॉक्टर से मिलिए। भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और उन देशों की यात्रा नहीं करें, जहां कोरोनावायरस फैला हुआ है।

  • उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आज बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश कोरोना को महामारी घोषित कर दिया है। साथ ही 22 मार्च तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। परीक्षाएं यथावत जारी रहेंगी।

-जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी ने कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए 31 मार्च तक यूनिवर्सिटी को बंद करने की घोषणा कर दी है।

-कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज फिर ट्वीट करते हुए केन्द्र सरकार को घेरते हुए लिखा है कि मैं फिर दोहराता हूं कि कोरोनोवायरस एक बहुत बड़ी समस्या है। समस्या को नजरअंदाज करना एक गैर समाधान है। अगर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो भारतीय अर्थव्यवस्था नष्ट हो जाएगी।

  • दिल्ली में स्कूल-कॉलेज से लेकर सिनेमा हॉल तक सब कुछ 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है। कोरोना वायरस के चलते उत्तराखंड के भी सभी स्कूलों को 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। कई खेल कार्यक्रम रद्द या स्थगित कर दिए गए हैं, लेकिन इन सबके बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कोरोना से नहीं घबराने की आग्रह किया है।

भारत ने दुनिया के किसी भी देश से आने वाले लोगों का वीज़ा 15 अप्रैल तक सस्पेंड कर दिया है। कार्ड होल्डर को दी जाने वाली वीज़ा मुक्त यात्रा की सुविधा भी 15 अप्रैल तक के लिए रोक दी गई है। यह रोक सभी हवाईअड्डों और बंदरगाहों पर 13 मार्च की रात 12 बजे से लागू हो जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *