रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पूरे देश ने इस कांग्रेस और उसके साथियों की नकारात्मक सोच को ही नकार दियाl नागरिकता संशोधन कानून को लेकर फिर ये सफेद झूठ बोलने लगे हैं, लोगों को डराने लगे हैं। कांग्रेस, उसके जैसे दलों और उसके वामपंथी इकोसिस्टम ने पूरी ताकत झोंक दी है, भारत के मुसलमानों को डराने के लिए।
यह बात प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड विधानसभा बरहेट की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं पूरे देश को, देश के प्रत्येक नागरिक को चाहे हिंदू हो या मुस्लिम को फिर ये कहना चाहता हूं कि इस कानून से किसी भी भारतीय नागरिक की नागरिकता पर कोई असर नहीं होगा। लेकिन लोगों को डराने को, झूठी बातें फ़ैलाने को उन्होंने अपनी राजनीति का आधार बना लिया हैl झूठ फैला कर और डर का माहौल बनाकर ही वो अपनी पुरानी आदत के भरोसे ही चल रहे हैं। जब से भाजपा की NDA सरकार देश में है तबसे हर वर्ग, हर संप्रदाय के हित में हमने काम किया।
झारखंड सहित पूरे देश के करोड़ों किसान परिवारों के बैंक खातों में 36 हजार करोड़ रुपए सीधे जमा हो चुके हैं तो ये हर वर्ग, हर संप्रदाय के किसानों के खाते में जमा हुए हैं। झारखंड सहित देशभर की 8 करोड़ से अधिक बहनों को पहली बार मुफ्त गैस कनेक्शन मिला है। ये आदिवासी को भी मिला, पिछड़े को भी मिला, दलित को भी मिला, सामान्य वर्ग को भी मिला।
हर पंथ, हर संप्रदाय के गरीबों को इसका लाभ मिला…
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देशभर के करोड़ों गरीब किसानों, खेत मजदूरों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, दुकानदारों को 3 हजार रुपए की पेंशन की सुविधा मिली है, वो भी बिना भेदभाव के। देश के करीब 2 करोड़ गरीबों और झारखंड के 10 लाख गरीबों के लिए अगर घर बने तो ये भी बिना किसी भेदभाव के।
आयुष्मान भारत के अंतर्गत हर वर्ष 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज भी देश के हर गरीब को मिल रहा है। इस योजना से पूरे देश के करीब 67 लाख और झारखंड के 2 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों का मुफ्त इलाज हो भी चुका है।दूर-दूर से इतनी बड़ी तादात में आप मुझे यहां आशीर्वाद देने आएं हैं।
Leave a Reply