जयपुर । राजधानी के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात राहुल प्रकाश ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यातायात संचालन, अपराध नियंत्रण के साथ ही विषम परिस्थितियों में उल्लेखनीय सेवायें देने वाली 12 महिला यातायात पुलिस कर्मियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राहुल प्रकाश ने कहा कि महिला पुलिस कर्मियों को सम्मानित करना हमारे लिए गर्व की बात है। सड़क पर मौजूद रहना बड़ा मुश्किल काम है। जयपुर के इतिहास में पहली बार महिला पुलिस कर्मियों ने चौराहों पर यातायात का संचालन किया। महिलायें अनुशासन में रह कर यातायात का संचालन करती हैं। सड़क पर यदि कोई दुर्घटना में मृत्यु हो जाती है तो सबसे पहले माँ ही रोती है।उन्होंने कहा कि यातायात के नियमों का पालन पुलिस और कानून के भय से नहीं बल्कि अपने दिल से करें।
उल्लेखनीय सेवायें देने वाली हेड कांस्टेबल इन्द्राल देवी, कांस्टेबल विनीता, आशा, किरण, सुखजीत, रिंकी, विद्या देवी, रीना, सरोज, सुषमा देवी, सुनीता एवं संजू महिला यातायात पुलिस कर्मियों एवं दो ट्रैफिक वार्डन भावना सैनी व ज्योति घटवाणी को सम्मानित किया गया।
रविवार को जयपुर के मुख्य चौराहों पर यातायात का संचालन भी महिला पुलिस कर्मियों ने ही किया।एस के फिनकोर्प कंपनी ने सामाजिक सरोकारों की दिशा में कदम बढ़ाते हुए महिला यातायात पुलिस कर्मियों को हेलमेट वितरित किए।सभी महिला यातायात पुलिस कर्मियों को सम्मान स्वरूप प्रशंसा पत्र भी दिये गए।
Leave a Reply